Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-09-09

Ranchi News: हिनू में कार टक्कर के बाद बवाल, 15 युवकों पर पिता-पुत्र से मारपीट और लूट का आरोप

Ranchi News: राजधानी रांची के डोरंडा थाना क्षेत्र स्थित हिनू में सड़क दुर्घटना के बाद शुरू हुआ विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। एक युवक ने करीब 15 लोगों पर अपने और पिता के साथ मारपीट करने का आरोप लगाया है। शिकायत में लोहे की रॉड, लाठी और धारदार हथियार से हमला करने के साथ नकदी और सोने की चेन छीनने का भी आरोप लगाया गया है।


इस संबंध में चुना भट्ठा निवासी अमन कुमार ने डोरंडा थाना में शिकायत दर्ज कराई है। प्राथमिकी में ग्रैंड विटारा कार के चालक विशाल सिंह समेत अन्य लोगों को आरोपी बनाया गया है।

कार में टक्कर के बाद शुरू हुआ विवाद

शिकायतकर्ता अमन कुमार के अनुसार, घटना 6 सितंबर की शाम करीब 7:15 बजे की है। वह कार से धुर्वा की ओर से हिनू जा रहे थे। इसी दौरान हिनू स्थित सेंट्रल बैंक के पास पीछे से आ रही एक ग्रैंड विटारा कार ने उनकी गाड़ी में टक्कर मार दी।

इसके बाद दोनों पक्षों के बीच वाहन को हुए नुकसान और इसकी भरपाई को लेकर बातचीत शुरू हुई। इसी बीच अमन के पिता दुर्गेश वर्मन भी मौके पर पहुंच गए।


15 युवकों को बुलाकर हमला करने का आरोप

अमन का आरोप है कि ग्रैंड विटारा में मौजूद एक युवक ने अपने साथियों को घटनास्थल पर बुला लिया। कुछ समय बाद करीब 15 युवक वहां पहुंचे और अमन, उनके पिता तथा साथ मौजूद अन्य लोगों के साथ मारपीट शुरू कर दी।

शिकायत के मुताबिक, आरोपियों ने हमला करने के दौरान लाठी, लोहे की रॉड और धारदार हथियारों का इस्तेमाल किया। घटना में अमन घायल हो गए, जबकि उनके पिता के सिर में गंभीर चोट लगने का आरोप है।

नकदी और सोने की चेन छीनने का आरोप

अमन कुमार ने शिकायत में आरोप लगाया है कि मारपीट के दौरान उनकी जेब से 5 हजार रुपये नकद निकाल लिए गए। वहीं, उनके पिता के गले से सोने की चेन छीनने का भी आरोप लगाया गया है।

घटना की सूचना मिलने के बाद पेट्रोलिंग पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। इसके बाद घायलों को आवश्यक कार्रवाई के लिए थाना ले जाया गया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच शुरू कर दी है।

WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !