Railway Updates: त्योहारी सीजन शुरू होने से दिल्ली से टाटानगर जाने वाले यात्रियों की परेशानी बढ़ गई है. अक्टूबर और नवंबर की कई तारीखों में ट्रेनों में सीटें उपलब्ध नहीं हैं और कई जगह वेटिंग काफी लंबी हो चुकी है. 15 और 16 अक्टूबर के अलावा 5 से 7 नवंबर के बीच यात्रियों की संख्या ज्यादा रहने की संभावना है. इस वजह से दिल्ली-टाटानगर रूट की मौजूदा ट्रेनों में टिकट मिलना मुश्किल हो रहा है.
कई ट्रेनों में लंबी वेटिंग
नई दिल्ली-भुवनेश्वर राजधानी एक्सप्रेस, आनंद विहार-पुरी पुरुषोत्तम एक्सप्रेस, जम्मू तवी-टाटानगर एक्सप्रेस और आनंद विहार-पुरी नीलांचल एक्सप्रेस में बुकिंग को लेकर यात्रियों को परेशानी हो रही है. 7 नवंबर को नई दिल्ली-भुवनेश्वर राजधानी एक्सप्रेस के 3A कोच में वेटिंग 202 तक पहुंच गई है. वहीं पुरुषोत्तम एक्सप्रेस की कई श्रेणियों में टिकट की स्थिति "REGRET" है. इसका मतलब है कि फिलहाल इन श्रेणियों में बुकिंग उपलब्ध नहीं है.
हिसार से टाटानगर तक ट्रेन का प्रस्ताव
त्योहारी सीजन में बढ़ती मांग को देखते हुए रेलवे ने अतिरिक्त ट्रेन चलाने का प्रस्ताव तैयार किया है. इसके तहत हिसार से टाटानगर, आदित्यपुर या घाटशिला तक ट्रेन चलाने पर विचार किया गया है. प्रस्तावित ट्रेन दिल्ली, कानपुर, दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन, गया, हजारीबाग रोड, बरकाकाना, मुरी और चांडिल होकर चलेगी. इस ट्रेन को करीब 1513 किलोमीटर की दूरी तय करनी होगी.
दो महीने में 16 अप-डाउन ट्रिप की योजना
प्रस्ताव के अनुसार ट्रेन 1 अक्टूबर से 30 नवंबर 2026 के बीच साप्ताहिक आधार पर चलाई जा सकती है. इस अवधि में कुल 16 अप-डाउन ट्रिप संचालित करने की योजना है. रेलवे की मंजूरी मिलने के बाद ही ट्रेन का संचालन शुरू होगा. ऐसे में अभी इसे प्रस्तावित सेवा के तौर पर देखा जा रहा है.
टाटानगर में नहीं पड़ेगी अलग मेंटेनेंस की जरूरत
प्रस्तावित ट्रेन की एक खास बात यह है कि टाटानगर पहुंचने के बाद इसके लिए अलग से सेकेंडरी मेंटेनेंस की आवश्यकता नहीं होगी. ट्रेन प्लेटफॉर्म पर पहुंचने के बाद वहीं से वापसी की यात्रा शुरू कर सकेगी. इससे संचालन को आसान बनाने में मदद मिल सकती है.
मंजूरी मिली तो यात्रियों को राहत की उम्मीद
अगर रेलवे प्रस्ताव को मंजूरी देता है, तो त्योहारी सीजन में दिल्ली से टाटानगर जाने वाले यात्रियों को अतिरिक्त विकल्प मिल सकेगा. नई सेवा शुरू होने से मौजूदा ट्रेनों पर यात्रियों का दबाव कम होने और टिकट की उपलब्धता में सुधार की उम्मीद है.