Palamu Crime News: पलामू के हैदरनगर थाना क्षेत्र के भाई बिगहा स्थित भारत गैस एजेंसी में चोरी के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. घटना के सिर्फ 48 घंटे के अंदर पुलिस ने आरोपी को पकड़ लिया. पुलिस के मुताबिक, चोरी के बाद 2,43,250 रुपये आरोपी ने अपने घर के पास बालू में छिपा दिए थे. पुलिस ने उसकी निशानदेही पर यह रकम बरामद कर ली.
शमीम खान को पुलिस ने पकड़ा
मामले में ब्लॉक रोड निवासी शमीम खान को गिरफ्तार किया गया है. वह इस केस का प्राथमिकी अभियुक्त बताया गया है. गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. बरामद रकम को पुलिस ने जब्त कर लिया है.
6 सितंबर की रात हुई थी वारदात
गैस एजेंसी में चोरी 6 सितंबर की रात हुई थी. इसके बाद हैदरनगर थाना में कांड संख्या 67/2026 दर्ज की गई. केस दर्ज होने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की. जांच के दौरान पुलिस को आरोपी तक पहुंचने के लिए जरूरी सुराग मिले. इन्हीं सुरागों के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई की और शमीम खान को गिरफ्तार कर लिया.
पुलिस कर रही आगे की जांच
यह कार्रवाई हुसैनाबाद एसडीपीओ दिव्यांश शुक्ल के नेतृत्व में की गई. पुलिस अब बरामद रकम के साथ चोरी की पूरी घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है. कम समय में मामले का खुलासा होने से स्थानीय लोगों ने राहत जताई है.