Ranchi News: अनगड़ा थाना क्षेत्र में रविवार को एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया, जहां एक अनियंत्रित ट्रक ने बाइक सवार दो युवकों को कुचल दिया। इस भीषण हादसे में दोनों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
अपने गाओं लौटने के क्रम मे हुआ हादसा
मिली जानकारी के अनुसार, अनगड़ा थाना क्षेत्र के चमघाटी के पास नवाडीह निवासी चचेरे भाई प्रभात महतो और अनिल महतो बाइक से अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार और अनियंत्रित ट्रक ने दोनों को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और दोनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, ट्रक काफी तेज गति में था और उसका ब्रेक फेल हो गया था, जिससे चालक नियंत्रण खो बैठा। हादसे के बाद ट्रक सड़क से नीचे जा गिरा।
घटना की सूचना मिलते ही अनगड़ा पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रक को अपने कब्जे में ले लिया। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए रिम्स अस्पताल भेज दिया गया है। मामले की जांच जारी है।
डीएसपी सिल्ली अनुज ने बताया कि अनियंत्रित ट्रक की चपेट में आने से दोनों युवकों की मौत हुई है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
जैसे ही हादसे की खबर मृतकों के घर पहुंची, पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। परिजन और ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए, जहां माहौल गमगीन हो गया।