Chaibasa Crime News: झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले के मुफ्फसिल थाना क्षेत्र में अपराध का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. हाउस मैटेरियल सप्लाई का काम करने वाले एक युवक, सुभाष बानरा की बेहद सुनियोजित तरीके से हत्या कर दी गई. अपराधियों ने उसे विश्वास में लेने के लिए एक बेहद शातिर पैंतरा आजमाया. एक अज्ञात कॉलर ने खुद को “आर्मी वाला” बताते हुए घर का काम करवाने के बहाने सुभाष को साइट देखने के लिए बुलाया और आचू इलाके में ले जाकर उसकी जीवनलीला समाप्त कर दी.
आर्मी के नाम पर झांसा और खूनी साजिश
मृतक सुभाष बानरा (पिता मुकुंद बानरा) को जब फोन आया, तो उसे जरा भी अंदाजा नहीं था कि वह मौत के बुलावे पर जा रहा है. फोन करने वाले ने कहा कि वह सेना में है और उसे अपने नए घर के निर्माण के लिए मैटेरियल चाहिए. इस झांसे में आकर सुभाष बेफिक्र होकर आचू पहुंचा. वहां पहले से घात लगाए बैठे अपराधियों ने सुनियोजित तरीके से वारदात को अंजाम दिया और उसकी निर्मम हत्या कर दी. हत्या के बाद साक्ष्य छुपाने की नीयत से शव को आचू पावर ग्रिड के पास सड़क किनारे फेंक दिया गया.
भाजपा जिलाध्यक्ष के परिवार से था जुड़ाव, इलाके में दहशत
राहगीरों ने जब सुबह सड़क किनारे लहूलुहान शव देखा, तो पूरे इलाके में कोहराम मच गया. आनन-फानन में इसकी सूचना मुफ्फसिल पुलिस को दी गई. इस जघन्य हत्याकांड की खबर फैलते ही गांव में सन्नाटा पसर गया है और स्थानीय ग्रामीणों में भारी रोष और भय का माहौल है. चर्चा इसलिए भी तेज है क्योंकि मृतक सुभाष बानरा का संबंध भाजपा की जिला अध्यक्ष गीता बालमुचू के परिवार से बताया जा रहा है. सुभाष के पिता मुकुंद बानरा ने इसे एक सोची-समझी रंजिश का नतीजा बताते हुए पुलिस से जल्द से जल्द हत्यारों को बेनकाब करने की गुहार लगाई है.
पुलिस ने दर्ज किया केस, रंजिश समेत कई एंगल्स पर जांच तेज
घटना की सूचना मिलते ही मुफ्फसिल थाना की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया. थाना प्रभारी बिनोद कुमार ने बताया कि इस मामले में कांड संख्या 52/26 दर्ज कर लिया गया है. पुलिस अधिकारियों का दावा है कि सभी संभावित कोणों से सघन तफ्तीश की जा रही है और बहुत जल्द अपराधियों को सलाखों के पीछे पहुंचा दिया जाएगा.