Crime News: लक्सर से धनबाद जा रही 13308 गंगा-सतलुज एक्सप्रेस में स्कूल ट्रिप से लौट रहे छात्रों और शिक्षकों के साथ चोरी की बड़ी घटना सामने आई है.यह घटना सुबह 5:30 से 6:00 बजे के बीच हुई है. पीड़ित शिक्षक ने बताया कि उनके पर्स में लगभग 35,000 रुपये, मोबाइल फोन, दो एटीएम कार्ड, घर और गाड़ी की चाबीयां और कई जरूरी कागजात रखे थे जो चोरी हो गए.
अटेंडेंट पर शक, 139 पर शिकायत
पीड़ितों को उसी कोच के एक अटेंडेंट पर शक हुआ, क्योंकि वह बार-बार उस कंपार्टमेंट में घूमता देखा गया था.इसके बाद तुरंत रेलवे हेल्पलाइन 139 पर शिकायत दर्ज कराई गई.
सतना में तलाशी, 2.5 लाख रुपये नकद बरामद
शिकायत के करीब दो घंटे बाद सतना स्टेशन पर आरपीएफ के जवान पहुंचे और पूछताछ की.अटेंडेंस का नाम गोविन्द के रूप में बताया जा रहा है.तलाशी के दौरान अटेंडेंट के बेड रोल लॉकर, बिस्तर और तकिए के खोल से करीब 2.50 लाख रुपये नकद बरामद किए गए.यात्रियों का कहना है कि बरामद रकम में वही बैग भी मिला, जिसमें से चोरी हुए 35,000 रुपये भी रखे थे.
बयान में विरोधाभास,RPF–GRP पर आरोप
पूछताछ के दौरान अटेंडेंट ने दावा किया कि वह सुबह 9 बजे तक सो रहा था, जबकि यात्रियों ने उसे चोरी के समय कंपार्टमेंट में घूमते हुए देखा था। अटेंडेंट का यह भी कहना है कि बरामद पैसा उसका है और उसने इसे सिक्योरिटी मनी के रूप में जमा किया था, लेकिन कोई ठोस सबूत वह पेश नहीं कर पाया. यात्रियों का आरोप है कि शुरू में आरपीएफ को भी अटेंडेंट पर शक था, लेकिन बाद में बनारस से आए एक इंस्पेक्टर ने अटेंडेंट का पक्ष लेना शुरू कर दिया और बरामद पैसे को वापस करने की बात कही.
यात्रियों की सुरक्षा पर बड़ा सवाल
साथ ही यात्रियों का यह भी कहना है कि आरपीएफ के द्वारा तुरंत एफआईआर दर्ज नहीं की गई,आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं हुई,और पीड़ितों को न्याय के लिए भटकाया गया.उन्होंने कहा कि जब इतनी बड़ी रकम बरामद होने के बाद भी कार्रवाई नहीं होती, तो यह यात्री सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े करता है. खासकर छात्रों, परिवारों और आम यात्रियों के लिए ट्रेन यात्रा असुरक्षित होती जा रही है.
यात्रियों की मांग
पीड़ित यात्रियों ने मांग की है कि तुरंत एफआईआर दर्ज की जाए,आरोपी अटेंडेंट के खिलाफ ठोस कानूनी कार्रवाई हो और लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाए. यात्रियों ने साफ कहा है कि “यात्री सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जा सकता” और इस मामले में जल्द से जल्द न्याय मिलना चाहिए.