Dhanbad: धनबाद में अवैध बालू खनन और परिवहन से जुड़े अपराधियों का दुस्साहस लगातार बढ़ता जा रहा है। हालात अब इतने बिगड़ चुके हैं कि छोटी-सी नोकझोंक भी अब जानलेवा हमले में तब्दील हो रही है। इसी क्रम में शुक्रवार को कतरास थाना क्षेत्र से एक बहुत ही सनसनीखेज मामला सामने आया, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया।
जानबूझकर बाइक को निशाना बनाते हुए ट्रैक्टर चढ़ाया
शुक्रवार सुबह कंको मूसा पहाड़ी पुल के पास राजगंज–महुदा राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच-32) पर अवैध बालू लदा एक ट्रैक्टर गलत लेन में तेज रफ्तार से दौड़ रहा था। उसी दौरान बाइक से गुजर रहे एक व्यक्ति और उनकी पुत्री ने चालक को लापरवाही से वाहन चलाने पर टोका। इस बात से बौखलाए ट्रैक्टर चालक ने अपना आपा खो दिया और कथित तौर पर जानबूझकर बाइक को निशाना बनाते हुए ट्रैक्टर उसपर चढ़ा दिया।
बाइक सवार की मौके पर ही मौत
इस भयावह घटना में बाइक चला रहे महावीर महतो (50 वर्ष) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी बेटी बाल-बाल बच गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी चालक ट्रैक्टर लेकर फरार हो गया। हादसे के बाद मृतक की पुत्री सदमे में है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
अवैध बालू कारोबार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन
घटना की खबर फैलते ही आसपास के गांवों में भारी आक्रोश फैल गया। गुस्साए ग्रामीणों ने अवैध बालू कारोबार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करते हुए राजगंज–महुदा मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। सड़क जाम के चलते एनएच-32 पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गई और यातायात पूरी तरह ठप हो गया। प्रदर्शनकारियों ने अवैध बालू ढुलाई पर तुरंत रोक लगाने और आरोपी चालक को शीघ्र गिरफ्तार करने की मांग की।
पुलिस मौके पर पहुंचीं
मामले की जानकारी मिलते ही कतरास, तेतुलमारी, बाघमारा और बरोरा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को काबू में करने का प्रयास किया। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही फरार ट्रैक्टर चालक की तलाश में संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।
आम लोगों की मांग
घटना के बाद से पूरे क्षेत्र में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इलाके में लंबे समय से अवैध बालू ढुलाई बेखौफ जारी है, लेकिन प्रशासन और पुलिस की निष्क्रियता के कारण माफियाओं के हौसले बुलंद हो चुके हैं। लोगों ने मांग की है कि दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाए और अवैध बालू कारोबार को पूरी तरह खत्म किया जाए, ताकि भविष्य में ऐसी दर्दनाक घटनाओं की दोबारा न हो।