Chaibasa News: पश्चिमी सिंहभूम जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के चांदमारी गांव में एक युवती द्वारा आत्महत्या किए जाने का मामला सामने आया है। मृतका की पहचान सिया कुमारी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि घर में अकेली रहने वाली सिया ने कमरे में पंखे से रस्सी के सहारे फंदा लगाकर अपनी जान दे दी। घटना के बाद परिवार में मातम पसर गया है।
मृतका के बड़े भाई विशाल राम ने बताया कि गुरुवार को परिवार के सभी सदस्य अपने-अपने काम में व्यस्त थे। वह सुबह काम के लिए घर से निकले थे। शाम करीब छह बजे जब घर लौटे तो उन्होंने बहन को कमरे में पंखे से लटका हुआ पाया। यह दृश्य देखकर वह घबरा गए और परिजनों की मदद से उसे तुरंत नीचे उतारकर सदर अस्पताल, चाईबासा ले गए।
अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
सदर अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद सिया कुमारी को मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही मुफस्सिल थाना पुलिस अस्पताल और घटनास्थल पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
घर में अकेली रहती थी सिया, कारणों से अनजान परिवार
परिजनों के अनुसार सिया अधिकांश समय घर में अकेली रहती थी। पिता संजीत राम का पहले ही निधन हो चुका है। मां मजदूरी के सिलसिले में बाहर रहती हैं, जबकि भाई टोटो चलाकर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। परिवार का कहना है कि घर में किसी प्रकार का विवाद या तनाव नहीं था और उन्हें आत्महत्या के पीछे की वजह की कोई जानकारी नहीं है।
हर पहलू से जांच में जुटी पुलिस
मुफस्सिल थाना पुलिस ने मामले की प्रारंभिक जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आत्महत्या के कारणों का पता लगाने के लिए सभी संभावित पहलुओं की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।