Jamtara News: साइबर अपराध पर लगाम लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के बीच जामताड़ा पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है. अलग अलग जगहों पर की गई कार्रवाई में तीन साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है. आरोपियों के कब्जे से 09 मोबाइल फोन और 22 सिम कार्ड बरामद हुए हैं. शुरुआती जांच में सामने आया है कि इनका इस्तेमाल लोगों से ऑनलाइन ठगी करने में किया जा रहा था.
गुप्त सूचना के बाद जंगल और मैदान में चलाए गए अभियान में तीनों आरोपी पकड़े गए
पुलिस अधीक्षक शंभु कुमार सिंह को मिली सूचना के बाद साइबर अपराध के पुलिस उपाधीक्षक अमित कुमार की अगुवाई में एक विशेष टीम बनाई गई. टीम ने जामताड़ा थाना क्षेत्र के सुपाईडीह और शेखपुरा के बीच स्थित जंगल में छापेमारी कर दो लोगों को मौके से गिरफ्तार किया. इसके बाद करमाटांड़ थाना क्षेत्र के पिंडारी मैदान के पास खजूर के पेड़ के नीचे संचालित किए जा रहे साइबर ठगी के ठिकाने पर कार्रवाई करते हुए तीसरे आरोपी को भी दबोच लिया.
बैंक कस्टमर केयर के नाम पर फर्जी नंबर डालकर लोगों को बनाया जाता था शिकार
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नवाडीह निवासी सनातन दास, पसोई निवासी नितेश दास और लोहरबंधा निवासी सिराज अंसारी के रूप में हुई है. जांच में पता चला है कि सनातन दास और नितेश दास गूगल प्लेटफॉर्म पर यूनियन बैंक और एक्सिस बैंक के कस्टमर केयर के नाम से फर्जी मोबाइल नंबर अपलोड करते थे. जब लोग मदद के लिए इन नंबरों पर संपर्क करते थे तो उन्हें झांसे में लेकर ठगी की जाती थी.
वहीं सिराज अंसारी खुद को बैंक अधिकारी बताकर लोगों से क्रेडिट कार्ड बंद होने या नया कार्ड जारी कराने का बहाना बनाता था. इसी दौरान वह गोपनीय बैंकिंग जानकारी हासिल कर खातों से ठगी को अंजाम देता था.
साइबर थाना में मामला दर्ज, पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस
इस मामले में साइबर अपराध थाना में कांड संख्या 36/26 दिनांक 18 जून 2026 के तहत मामला दर्ज किया गया है. पुलिस संबंधित धाराओं में आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी कर रही है. छापेमारी टीम में साइबर थाना प्रभारी राजेश मंडल समेत अन्य पुलिस अधिकारी और जवान भी शामिल थे.