Ramgarh News: रामगढ़ जिले में प्रशासनिक व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में एक नई पहल हुई है. ग्रामीण विकास, ग्रामीण कार्य एवं पंचायती राज मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने शुक्रवार को रामगढ़ सदर प्रखंड सह अंचल कार्यालय के नए भवन का उद्घाटन किया. कार्यक्रम में विधायक ममता देवी समेत कई अधिकारी, जनप्रतिनिधि और स्थानीय लोग मौजूद रहे.
उद्घाटन के बाद मंत्री ने कहा कि प्रखंड और अंचल कार्यालय आम लोगों से सीधे जुड़े संस्थान हैं. ऐसे में यहां काम करने वाले कर्मचारियों को जनता के साथ बेहतर व्यवहार और सहयोग की भावना के साथ काम करना चाहिए. उन्होंने कहा कि सरकारी कार्यालय ही जनता के बीच सरकार की छवि बनाते हैं.
उन्होंने कहा कि बेहतर सुविधाओं के लिए आधुनिक कार्यालय भवन जरूरी हैं. सरकार का प्रयास है कि लोगों को योजनाओं का लाभ समय पर मिले और उन्हें छोटे-छोटे कामों के लिए परेशान न होना पड़े.
पंचायत स्तर तक सुविधाएं पहुंचाने पर जोर
मंत्री ने डिजिटल पंचायत व्यवस्था को लेकर कहा कि सरकार लगातार सेवाओं को पंचायत स्तर तक पहुंचाने का काम कर रही है. प्रमाण पत्रों से जुड़ी सुविधाओं के लिए लगाए गए शिविरों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि आने वाले समय में ज्यादा से ज्यादा सरकारी सेवाएं पंचायतों में उपलब्ध कराने की दिशा में काम किया जा रहा है.
उन्होंने कहा कि इससे ग्रामीणों को प्रखंड कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत मिलेगी और प्रशासनिक व्यवस्था ज्यादा आसान होगी.
पंचायतों के विकास के लिए राशि का जिक्र
दीपिका पांडेय सिंह ने बताया कि 15वें वित्त आयोग की लंबित राशि को लेकर केंद्र सरकार के साथ लगातार बातचीत की गई. इसके बाद पंचायतों को विकास कार्यों के लिए करीब 35 लाख रुपये उपलब्ध कराए गए हैं.
उन्होंने कहा कि राज्य वित्त आयोग की राशि मिलने के बाद पंचायतों को मिलने वाली राशि और बढ़ेगी. इसके अलावा DMFT मद से भी कई जिलों में पेयजल और अन्य योजनाओं के लिए संसाधन उपलब्ध कराए जा रहे हैं.
महिलाओं के योगदान को सराहा
कार्यक्रम में मंत्री ने महिला सशक्तिकरण की दिशा में हो रहे कामों का भी उल्लेख किया. उन्होंने कहा कि झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी से जुड़ी महिलाओं ने अपने काम से राज्य को नई पहचान दिलाई है.
वहीं विधायक ममता देवी ने कहा कि नए भवन से सरकारी रिकॉर्ड सुरक्षित रहेंगे और लोगों को पहले से बेहतर सुविधाएं मिल पाएंगी.
कार्यक्रम के दौरान कई लाभुकों के बीच परिसंपत्तियों का वितरण किया गया. इसके साथ ही कार्यालय परिसर में पौधारोपण भी किया गया.