Ranchi Road Accident: रांची के डोरंडा थाना क्षेत्र के कुसई चौक के पास रविवार रात हुए सड़क हादसे में 20 वर्षीय युवक की मौत हो गई. हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया. सोमवार को स्थानीय लोगों ने घाघरा के पास सड़क जाम कर दिया. लोग फरार चालक को जल्द गिरफ्तार करने की मांग कर रहे हैं. सड़क जाम होने से आवागमन प्रभावित रहा.
तेज रफ्तार कार ने युवक को मारी टक्कर
घटना रविवार रात करीब साढ़े नौ बजे की बताई जा रही है. कुसई निवासी रोशन कुमार का 20 वर्षीय भाई दीपक कुमार कुसई चौक के पास दारू दुकान के सामने मौजूद था. इसी दौरान सफेद रंग की कार वहां से गुजरी. कार का रजिस्ट्रेशन नंबर JH01GA5607 बताया गया है. आरोप है कि चालक तेज और लापरवाही से गाड़ी चला रहा था. उसने दीपक को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर के बाद कार युवक को कुचलते हुए मौके से निकल गई.
अस्पताल में इलाज के दौरान हुई मौत
हादसे में दीपक के सिर पर गंभीर चोट लगी थी. स्थानीय लोगों की मदद से उसे तुरंत गुरुनानक अस्पताल ले जाया गया. अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद दीपक को मृत घोषित कर दिया.
भाई ने थाने में दिया लिखित आवेदन
घटना के बाद मृतक के भाई रोशन कुमार ने सोमवार को डोरंडा थाना में लिखित शिकायत दी. इसमें आरोपी कार चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई है. परिवार का कहना है कि चालक की पहचान कर जल्द गिरफ्तार किया जाए. पुलिस ने आवेदन के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. पुलिस फरार कार और उसके चालक की तलाश कर रही है. वहीं सड़क जाम कर रहे स्थानीय लोगों को समझाने का प्रयास भी किया जा रहा है.