Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-01-13

Bihar Liquor Smuggling : सड़क पर पुलिस, खेतों की मेड़ से घोड़े पर शराब तस्करी, 28 लीटर विदेशी शराब के साथ घोड़ा और मालिक गिरफ्तार

Bihar : बेतिया जिले से शराब तस्करी का एक अनोखा लेकिन चौंकाने वाला मामला सामने आया है। जहां एक ओर पुलिस सड़कों पर शराब धंधेबाजों की तलाश कर रही है, वहीं दूसरी ओर तस्कर खेतों के रास्ते घोड़े के जरिए शराब की तस्करी कर रहे हैं। इसी कड़ी में नौतन थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए घोड़े पर लदी शराब की खेप के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है।


घोड़े पर लदी थी शराब की खेप


नौतन थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी करते हुए मकरी टोला इलाके से एक घोड़े के साथ 28 लीटर विदेशी शराब जब्त की है। इस दौरान घोड़े का मालिक और शराब तस्कर नौतन थाना क्षेत्र के दक्षिण तेल्हुआ (ब्रह्म टोला) निवासी रंगलाल यादव को भी पुलिस ने मौके से दबोच लिया।

दियारा से पूर्वी चंपारण ले जाई जा रही थी शराब

पुलिस के अनुसार, तस्कर दियारा क्षेत्र से घोड़े पर शराब लादकर पूर्वी चंपारण की ओर ले जाने की फिराक में था। वह परसौनी के सरेह होते हुए डबरिया मकरी टोला पहुंचा, जहां पहले से घात लगाए बैठी पुलिस टीम ने उसे घोड़ा और शराब सहित गिरफ्तार कर लिया।

थानाध्यक्ष ने दी जानकारी

नौतन थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार पासवान ने बताया कि मंगलवार की सुबह पुलिस को सूचना मिली थी कि एक शराब धंधेबाज घोड़े पर सवार होकर शराब की खेप लेकर निकल चुका है। सूचना मिलते ही त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम का गठन किया गया और घेराबंदी कर तस्कर को पकड़ लिया गया। पकड़े गए धंधेबाज से पूछताछ के बाद कांड अंकित कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

घोड़े को किसान के पास भेजने की तैयारी

पुलिस ने बताया कि जब्त किए गए घोड़े को फिलहाल किसी किसान के पास रखने की तैयारी की जा रही है, ताकि उसकी उचित देखभाल हो सके।

पहले भी सामने आ चुके हैं ऐसे मामले

गौरतलब है कि विगत वर्ष भी दियारा क्षेत्र में घोड़े के जरिए शराब तस्करी के दो मामले सामने आए थे, जहां पुलिस को देखकर तस्कर घोड़ा और शराब छोड़कर फरार हो गए थे। दियारा इलाकों में घोड़े से शराब की ढुलाई लगातार जारी है।

पुलिस की सख्ती के बावजूद नहीं रुक रही शराब बिक्री

हालात यह हैं कि पुलिस सड़कों पर सख्ती बरत रही है, लेकिन धंधेबाज खेतों की मेड़ और ग्रामीण रास्तों का सहारा लेकर शराब की तस्करी में जुटे हैं। फिलहाल पुलिस लगातार प्रयास कर धंधेबाजों पर नकेल कसने में लगी है, इसके बावजूद जिले में शराब की बिक्री पूरी तरह से थमने का नाम नहीं ले रही है।

WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !