Seraikela News: सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल में गुरुवार सुबह स्कूल बस में एक बड़ा हादसा हो गया. चौका से उमेश नगर जा रही स्कूल बस का खलासी प्रभात महतो अचानक नीचे गिर गए. इसी दौरान बस का पिछला पहिया उनके ऊपर चढ़ गया. हादसे में मौके पर ही उनकी मौत हो गई.
चलती बस से अचानक गिरा खलासी
जानकारी के अनुसार, स्कूल बस चौका की ओर से उमेश नगर स्थित दयावती मोदी पब्लिक स्कूल जा रही थी. बस में स्कूल के बच्चे भी सवार थे. इसी दौरान प्रभात महतो अचानक चलती बस से नीचे गिर गए. गिरने के बाद वह बस के पिछले पहिए की चपेट में आ गए.
अस्पताल में डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी. प्रभात महतो को चांडिल अनुमंडल अस्पताल ले जाया गया. वहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. घटना की जानकारी मिलने के बाद उनके परिजन भी अस्पताल पहुंचे. चांडिल थाना पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है. पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि प्रभात महतो किन परिस्थितियों में बस से गिरे. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है.
स्कूल बसों की सुरक्षा पर सवाल
हादसे के बाद स्कूल बसों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठ रहे हैं. हालांकि, दुर्घटना की सही वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है. पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही हादसे के कारणों की जानकारी सामने आएगी.