Jharkhand: झारखंड में अफीम तस्करी के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे पूर्व राष्ट्रीय पहलवान अमित श्योराण को पुलिस ने दिल्ली से गिरफ्तार किया है. झारखंड पुलिस और दिल्ली क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम ने उसे मधुबन चौक मेट्रो स्टेशन के पास पकड़ा.
कुश्ती में जीता था राष्ट्रीय स्तर पर पदक
पुलिस के अनुसार, अमित श्योराण मूल रूप से हरियाणा के रोहतक का रहने वाला है. उसने वर्ष 2013 की नेशनल कैडेट कुश्ती प्रतियोगिता में कांस्य पदक जीता था. पुलिस का कहना है कि बाद में अमित ने बाउंसर के तौर पर काम करना शुरू किया. इसी दौरान उसके नशे के कारोबार से जुड़ने का आरोप है.
492 ग्राम अफीम बरामद होने के बाद सामने आया नाम
अमित के खिलाफ रांची के धुर्वा थाना में अफीम तस्करी का मामला दर्ज है. पुलिस के अनुसार, अप्रैल 2023 में 492 ग्राम अफीम के साथ राजेश नाग को गिरफ्तार किया गया था. पूछताछ के दौरान कथित तौर पर अमित श्योराण का नाम सामने आया. पुलिस का आरोप है कि वह झारखंड से अफीम लेकर दिल्ली और हरियाणा तक पहुंचाने के नेटवर्क से जुड़ा था.
अदालत ने घोषित किया था प्रोक्लेम्ड ऑफेंडर
मामले में फरार रहने के कारण दिसंबर 2023 में अदालत ने अमित श्योराण को प्रोक्लेम्ड ऑफेंडर घोषित किया था. इसके बाद से पुलिस उसकी तलाश में जुटी थी. पुलिस के मुताबिक, अमित के खिलाफ हत्या और आर्म्स एक्ट समेत कुल छह मामले दर्ज हैं.
ट्रांजिट रिमांड पर झारखंड लाएगी पुलिस
गिरफ्तारी के बाद अब रांची पुलिस आरोपी को ट्रांजिट रिमांड पर झारखंड लाने की तैयारी कर रही है. इसके बाद उससे पूछताछ की जाएगी. पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ के दौरान अफीम तस्करी से जुड़े नेटवर्क और इसमें शामिल अन्य लोगों के बारे में अहम जानकारी मिल सकती है.