Ranchi News : रांची के सिविल कोर्ट परिसर के बाहर उस समय जमकर हंगामा हो गया, जब जमीन के नाम पर करोड़ों रुपये की ठगी के आरोपी अनुरूप राय को लोगों ने पकड़ लिया। आरोपी कोलकाता का रहने वाला बताया जा रहा है और उस पर बुंडू इलाके में जमीन दिलाने के नाम पर लोगों से बड़ी रकम ठगने का आरोप है।पीड़ितों का दावा है कि आरोपी ने जमीन और प्लॉट दिलाने के नाम पर करीब एक करोड़ 50 लाख रुपये से अधिक की ठगी की है। जैसे ही लोगों को जानकारी मिली कि आरोपी कोर्ट आने वाला है, बड़ी संख्या में लोग कोर्ट परिसर पहुंच गए और उसे घेर लिया।
कोर्ट परिसर के बाहर मचा हंगामा, सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस
हंगामे की सूचना मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और किसी तरह स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने आरोपी को भीड़ से सुरक्षित बाहर निकाला।
बताया जा रहा है कि अनुरूप राय जमीन कारोबार से जुड़ा हुआ है। आरोप है कि उसने कई लोगों से प्लॉट और जमीन दिलाने के नाम पर मोटी रकम ली, लेकिन न तो जमीन उपलब्ध कराई और न ही पैसे वापस किए।
काफी समय से आरोपी की तलाश कर रहे थे पीड़ित, कोर्ट पहुंचने की सूचना मिलते ही जुटी भीड़
खुद को ठगी का शिकार बता रहे लोग लंबे समय से आरोपी की तलाश कर रहे थे। कोर्ट में उसके आने की सूचना मिलने पर पीड़ित बड़ी संख्या में वहां पहुंच गए। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और आरोपों की सत्यता की पड़ताल की जा रही है।