West Bengal New Chief Minister: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी को मिली बड़ी सफलता के बाद अब राज्य की राजनीति का केंद्र नई सरकार के गठन और मुख्यमंत्री के चयन पर आकर टिक गया है। चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद से ही भाजपा नेतृत्व लगातार सरकार गठन को लेकर रणनीति तैयार करने में जुटा हुआ था। अब शुक्रवार को कोलकाता में होने वाली भाजपा विधायक दल की अहम बैठक के साथ मुख्यमंत्री चयन की प्रक्रिया निर्णायक दौर में पहुंच गई है। इस बैठक को लेकर राजनीतिक गलियारों में काफी हलचल है और पूरे राज्य की नजर भाजपा नेतृत्व के फैसले पर टिकी हुई है।
अमित शाह की मौजूदगी में होगी विधायक दल की बैठक
भाजपा विधायक दल की महत्वपूर्ण बैठक शुक्रवार शाम को कोलकाता के न्यूटाउन स्थित विश्व बांग्ला कन्वेंशन सेंटर में आयोजित की जाएगी। इस बैठक में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह विशेष रूप से मौजूद रहेंगे। पार्टी सूत्रों के मुताबिक बैठक शाम चार बजे शुरू होगी, जिसमें विधायक दल का नेता चुना जाएगा और मुख्यमंत्री पद के नाम पर अंतिम सहमति बनाई जाएगी। चुनाव के बाद से भाजपा के केंद्रीय और राज्य नेतृत्व के बीच लगातार कई दौर की चर्चा चल रही थी और अब माना जा रहा है कि विधायक दल की बैठक में अंतिम फैसला सामने आ सकता है।
शुभेंदु अधिकारी का नाम सबसे आगे
मुख्यमंत्री पद की संभावनाओं को लेकर भाजपा नेता सुवेंदु अधिकारी का नाम सबसे प्रमुख दावेदारों में माना जा रहा है। इस विधानसभा चुनाव में उन्होंने दो सीटों पर जीत दर्ज कर अपनी राजनीतिक पकड़ को और मजबूत किया है। खास तौर पर भवानीपुर सीट पर पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को हराने के बाद उनका राजनीतिक कद काफी बढ़ा हुआ माना जा रहा है। इससे पहले 2021 के विधानसभा चुनाव में भी उन्होंने नंदीग्राम सीट पर ममता बनर्जी को कड़ी चुनौती देकर राज्य की राजनीति में बड़ा संदेश दिया था। अब भवानीपुर में मिली जीत के बाद भाजपा के भीतर उनका दावा और मजबूत माना जा रहा है, हालांकि अंतिम निर्णय विधायक दल की बैठक में ही लिया जाएगा।
ब्रिगेड परेड मैदान में होगा शपथ ग्रहण समारोह
भाजपा की नई सरकार का शपथ ग्रहण समारोह शनिवार 9 मई को कोलकाता के ऐतिहासिक ब्रिगेड परेड ग्राउंड में आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम सुबह 11 बजे से शुरू होने की संभावना है। खास बात यह है कि यह आयोजन कविगुरु रबिन्द्रनाथ टैगोर की जयंती के अवसर पर रखा गया है। शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह समेत भाजपा शासित कई राज्यों के मुख्यमंत्री, केंद्रीय मंत्री और पार्टी के वरिष्ठ नेता शामिल हो सकते हैं। कार्यक्रम को लेकर प्रशासनिक तैयारियां भी तेज कर दी गई हैं और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है।