Ranchi News : झारखंड राज्य सूचना आयोग में चार नए सूचना आयुक्तों की नियुक्ति को मंजूरी मिल गई है। राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने राज्य सरकार द्वारा भेजे गए प्रस्ताव पर अपनी स्वीकृति प्रदान कर दी है।
स्वीकृत नियुक्तियों के तहत अनुज कुमार सिन्हा, तनुज खत्री, अमूल्य नीरज खलखो और शिवपूजन पाठक को राज्य सूचना आयुक्त बनाया गया है। इन नियुक्तियों के बाद सूचना आयोग में लंबित मामलों के निपटारे की प्रक्रिया में तेजी आने और सूचना का अधिकार (आरटीआई) अधिनियम के प्रभावी क्रियान्वयन को बल मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
मुख्य सूचना आयुक्त की नियुक्ति जल्द करने का निर्देश
राज्यपाल ने इन नियुक्तियों को कुछ शर्तों के साथ मंजूरी देते हुए राज्य सरकार को निर्देश दिया है कि झारखंड राज्य सूचना आयोग में मुख्य सूचना आयुक्त की नियुक्ति जल्द सुनिश्चित की जाए। उनका मानना है कि मुख्य सूचना आयुक्त की नियुक्ति से आयोग का कार्य सुचारु और अधिक प्रभावी ढंग से संचालित हो सकेगा।
प्रक्रियागत त्रुटि पर सरकार होगी जिम्मेदार
राज्यपाल ने यह भी स्पष्ट किया है कि नियुक्ति प्रक्रिया में यदि किसी प्रकार की प्रक्रियागत त्रुटि सामने आती है या उच्चतम न्यायालय के निर्देशों के अनुपालन से जुड़ा कोई प्रश्न उठता है, तो इसकी पूरी जिम्मेदारी राज्य सरकार की होगी। इस टिप्पणी को नियुक्ति प्रक्रिया में पारदर्शिता और विधिक प्रक्रियाओं के पालन के संदर्भ में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।