Seraikela: पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी के निर्देश पर चांडिल थाना क्षेत्र के आसनबानी पंचायत तथा कांड्रा थाना क्षेत्र के हुडू ग्राम पंचायत में जन-जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में स्थानीय मुखिया, ग्राम प्रधान, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों को बाल विवाह निषेध, डायन प्रथा उन्मूलन, बच्चा चोरी संबंधी अफवाहों से बचाव, साइबर अपराध, डायल-112 आपातकालीन सेवा, नशा मुक्ति अभियान तथा सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों के संबंध में विस्तृत जानकारी दी।
अफवाहों से सतर्क रहने की अपील
पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों से अपील की कि वे किसी भी प्रकार की अफवाह पर विश्वास न करें और बिना सत्यापन के कोई जानकारी साझा न करें। साथ ही समाज में फैली कुरीतियों का विरोध करने और जागरूक नागरिक की भूमिका निभाने का आग्रह किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों को बताया गया कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि, अपराध या आपात स्थिति की जानकारी तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके। अधिकारियों ने डायल-112 सेवा के उपयोग और उसके महत्व के बारे में भी जानकारी दी।
अपराध नियंत्रण में जनभागीदारी जरूरी
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि जन-जागरूकता और आम लोगों की सहभागिता से ही सामाजिक बुराइयों तथा अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण संभव है। पुलिस और जनता के बीच बेहतर समन्वय से सुरक्षित और जागरूक समाज का निर्माण किया जा सकता है।