Ranchi News : नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने सदर अस्पताल पहुंचकर बीमार अनशनकारी छात्रों राहुल क्रांति और ब्रजकिशोर से मुलाकात की। उन्होंने दोनों छात्रों का हालचाल जाना और चिकित्सकों से उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली।
छात्र JPSC-JSSC मामलों की CBI जांच और युवाओं के अधिकारों की मांग को लेकर कई दिनों से अनशन पर हैं। बाबूलाल मरांडी ने कहा कि सरकार की हठधर्मिता के कारण छात्रों को अपनी जान नहीं देनी चाहिए। उन्होंने कहा कि युवाओं को अपने अधिकारों के लिए अभी लंबी लड़ाई लड़नी है।
उन्होंने आरोप लगाया कि झारखंड देश का इकलौता राज्य है, जहां भर्ती परीक्षाओं के परिणाम चरणबद्ध तरीके से जारी किए जाते हैं। उन्होंने कहा कि राहुल क्रांति को अधिक अंक मिलने के बावजूद नियुक्ति नहीं मिली और हाईकोर्ट से राहत मिलने के बाद भी सरकार ने उन्हें नौकरी नहीं दी। यदि सरकार संवेदनशील होती तो JSSC साक्षात्कार लेकर उन्हें नियुक्ति दे देती, लेकिन सरकार लगातार अदालतों में मामला ले जाकर युवाओं का भविष्य प्रभावित कर रही है।
CBI जांच और अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग दोहराई
मरांडी ने JPSC और JSSC के अध्यक्ष, सचिव, परीक्षा नियंत्रक समेत संबंधित अधिकारियों को तत्काल बर्खास्त करने, दोषियों के खिलाफ FIR दर्ज कर गिरफ्तारी करने तथा पूरे मामले की CBI जांच कराने की मांग दोहराई।
उन्होंने आरोप लगाया कि वर्ष 2019 के बाद राज्य की विभिन्न भर्ती परीक्षाओं में बड़े पैमाने पर कथित अनियमितताएं हुई हैं। उनके अनुसार छात्रों का यह आंदोलन केवल दो छात्रों का नहीं, बल्कि झारखंड के लाखों युवाओं के अधिकार और न्याय की लड़ाई है।