JPSC Student Protest: झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) और JSSC परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं को लेकर चल रहे छात्र आंदोलन के बीच सरकार और अभ्यर्थियों के बीच होने वाली अहम वार्ता का समय और स्थान तय कर दिया गया है. यह बैठक शुक्रवार शाम 7 बजे राजकीय अतिथिशाला में होगी. आंदोलनरत अभ्यर्थियों की ओर से प्रतिनिधिमंडल की अंतिम सूची सरकार को सौंप दी गई है. हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है.
प्रतिनिधिमंडल में किया गया बदलाव, केवल छात्रों को मिली जगह
शुक्रवार को अभ्यर्थियों ने मीडिया के सामने अपने प्रतिनिधिमंडल की संशोधित सूची जारी की. इस बार वार्ता के लिए बनाए गए प्रतिनिधिमंडल में केवल छात्रों को शामिल किया गया है.
इससे पहले गुरुवार को जारी 10 सदस्यीय प्रारंभिक सूची में दो पत्रकारों और झारखंड हाईकोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ता अजीत कुमार का नाम भी शामिल था. हालांकि, शुक्रवार को जारी अंतिम सूची में इन सभी बाहरी नामों को हटाकर केवल आंदोलनरत छात्रों को प्रतिनिधिमंडल का हिस्सा बनाया गया है. अब यही छात्र सरकार के समक्ष अभ्यर्थियों की मांगें और पक्ष रखेंगे.
वार्ता में शामिल होंगे ये 10 छात्र प्रतिनिधि
सरकार के साथ होने वाली बैठक में शामिल होने वाले 10 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल में रवीन्द्र पासवान, पीयूष कुमार, राजेश प्रसाद, नीतू कुजूर, अंकित राज, कार्तिक सोरेन, शालू कुमारी, रवींद्र कुमार रवि, आनंद कुमार और अंकित कुमार शामिल हैं.
वार्ता से छात्रों को समाधान की उम्मीद
राजकीय अतिथिशाला में शाम 7 बजे होने वाली इस बैठक को JPSC-JSSC आंदोलन के लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा है. आंदोलनरत अभ्यर्थियों को उम्मीद है कि सरकार के साथ होने वाली बातचीत में उनकी प्रमुख मांगों पर सकारात्मक निर्णय निकल सकता है. अब सभी की नजर इस वार्ता के नतीजों पर टिकी हुई है.