Jharkhand Assembly: झारखंड विधानसभा के मानसून सत्र में दुमका, सरायकेला-खरसावां, रांची और खूंटी जिले की स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े कई अहम मुद्दे उठे. सरकार ने विभिन्न विधायकों के सवालों का जवाब देते हुए चिकित्सकों की तैनाती, अस्पताल निर्माण और स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार को लेकर विस्तृत जानकारी सदन में दी.
दुमका के छह प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में चिकित्सकों की प्रतिनियुक्ति
शिकारीपाड़ा विधायक आलोक कुमार सोरेन ने दुमका जिले के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में चिकित्सकों की कमी का मुद्दा उठाया. इसके जवाब में सरकार ने बताया कि दुमका के सिविल सर्जन ने 4 अगस्त को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मधुबन, नारगंज, सरसडंगाल, धनधरा, आसनबनी और बांसकुली में चिकित्सकों की प्रतिनियुक्ति कर दी है.
सरकार ने यह भी बताया कि स्वास्थ्य विभाग ने 20 जुलाई को चिकित्सा पदाधिकारियों के 373 रिक्त पदों पर नियुक्ति के लिए अधियाचना कार्मिक, प्रशासनिक सुधार एवं राजभाषा विभाग को भेज दी है. नियुक्ति प्रक्रिया पूरी होने के बाद आवश्यकता के अनुसार चिकित्सकों की पदस्थापना की जाएगी.
खरसावां सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का निर्माण दिसंबर तक पूरा करने का लक्ष्य
सरायकेला-खरसावां विधायक दशरथ गागराई ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खरसावां के निर्माण कार्य की स्थिति पर सवाल उठाया. सरकार ने बताया कि भूमि की कमी के कारण फिलहाल हरिभंजा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में मरीजों को आईपीडी सेवा दी जा रही है.
सरकार के अनुसार निर्माण स्थल पर 33 पेड़ होने के कारण कार्य शुरू होने में देरी हुई. वन प्रमंडल पदाधिकारी, खरसावां ने 22 जनवरी 2025 को पेड़ हटाने की अनुमति दी, जिसके बाद 28 जनवरी 2025 को निर्माण कार्य प्रारंभ करने का आदेश जारी किया गया. निर्माण कार्य 20 जनवरी 2026 तक पूरा होना था, लेकिन निर्माण सामग्री की कमी सहित अन्य कारणों से इसमें विलंब हुआ.
वर्तमान में अस्पताल भवन का लगभग 70 प्रतिशत निर्माण पूरा हो चुका है. सरकार ने सदन को बताया कि 31 दिसंबर 2026 तक निर्माण कार्य पूरा कर भवन स्वास्थ्य विभाग को सौंप दिया जाएगा.
तमाड़ स्वास्थ्य केंद्र के नए भवन की प्रक्रिया जारी
तमाड़ विधायक विकास मुंडा के सवाल पर सरकार ने बताया कि राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रम के लिए प्रतिनियुक्त स्वास्थ्य कर्मियों को कार्यक्रम समाप्त होने के बाद वापस मूल पदस्थापन पर भेज दिया गया है.
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तमाड़ के नए भवन के निर्माण को लेकर सर्वे कराया जा चुका है. तकनीकी स्वीकृति के लिए प्राक्कलन तैयार करने तथा आवश्यक जांच रिपोर्ट के संबंध में मुख्य अभियंता, भवन निर्माण विभाग और उपायुक्त रांची से पत्राचार किया गया है. तकनीकी स्वीकृति मिलने के बाद प्रशासनिक स्वीकृति की प्रक्रिया शुरू की जाएगी.
अड़की सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के नए भवन की तैयारी
सरकार ने बताया कि तमाड़ स्वास्थ्य केंद्र के टीबी विभाग का भवन जर्जर हो चुका है. इसकी सूचना भवन निर्माण विभाग को दी गई है. फिलहाल मुख्यमंत्री अस्पताल रख-रखाव योजना के तहत भवन की मरम्मत कराई जा रही है.
वहीं खूंटी जिले के अड़की सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के नए भवन के निर्माण की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है. झारखंड राज्य भवन निर्माण निगम लिमिटेड को तकनीकी स्वीकृति के लिए प्राक्कलन तैयार करने का निर्देश दिया गया है. स्वीकृति मिलने के बाद प्रशासनिक प्रक्रिया पूरी कर निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा.
बुंडू अनुमंडलीय अस्पताल को मिलेगी अल्ट्रासाउंड मशीन
सरकार ने सदन में जानकारी दी कि बुंडू अनुमंडलीय अस्पताल में अल्ट्रासाउंड मशीन उपलब्ध कराने की प्रक्रिया मुख्यमंत्री अस्पताल रख-रखाव योजना के तहत चल रही है. मशीन उपलब्ध होने के बाद क्षेत्र के मरीजों को जांच के लिए निजी संस्थानों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा और स्थानीय स्तर पर ही बेहतर स्वास्थ्य सुविधा मिल सकेगी.