Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-07-21

Ranchi News: राजधानी में 45 दिनों में ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन पर साढ़े 12 करोड़ रूपए का कटा चालान

Ranchi: रांची में सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए ट्रैफिक पुलिस लगातार अभियान चला रही है। जून से 15 जुलाई तक 45 दिनों के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों से करीब 12.50 करोड़ रुपये का चालान वसूला गया है। पुलिस का कहना है कि इस कार्रवाई का उद्देश्य लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना और सड़क हादसों में कमी लाना है। राजधानी के जगन्नाथपुर, डोरंडा, चुटिया, डेली मार्केट, लालपुर, पंडरा, खेलगांव और गोंदा ट्रैफिक थाना क्षेत्रों में नियमित रूप से वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा है। ट्रैफिक पुलिस मैनुअल जांच के साथ-साथ सीसीटीवी कैमरों और अन्य तकनीकी माध्यमों की मदद से भी नियम तोड़ने वाले वाहन चालकों की पहचान कर उन पर कार्रवाई कर रही है।

बिना हेलमेट और नो पार्किंग के सबसे अधिक मामले
ट्रैफिक पुलिस अधिकारियों के अनुसार लगातार कार्रवाई के बाद लोगों के व्यवहार में बदलाव देखने को मिल रहा है। पहले की तुलना में अब दोपहिया वाहन चालक और पीछे बैठने वाले लोग अधिक संख्या में हेलमेट पहन रहे हैं। हालांकि कुछ वाहन चालक अब भी रॉन्ग साइड ड्राइविंग और अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन कर रहे हैं, जिससे सड़क दुर्घटनाओं का खतरा बना हुआ है। पुलिस के मुताबिक सबसे अधिक चालान बिना हेलमेट वाहन चलाने और नो पार्किंग में वाहन खड़ा करने के मामलों में किए गए हैं। जुलाई के शुरुआती 15 दिनों में ही इन दोनों श्रेणियों में करीब डेढ़ करोड़ रुपये का जुर्माना लगाया गया है, जिससे साफ है कि इन नियमों का सबसे ज्यादा उल्लंघन हो रहा है।

चालान के आंकड़े
ट्रैफिक पुलिस का कहना है कि शहर में बढ़ते वाहनों के अलावा लोगों की जल्दबाजी भी जाम की बड़ी वजह बन रही है। कई चालक पहले निकलने की कोशिश में गलत तरीके से वाहन आगे बढ़ा देते हैं, जिससे सड़क बाधित होती है और जाम की स्थिति गंभीर हो जाती है। रांची ट्रैफिक पुलिस के अनुसार जनवरी में 60,034 चालानों से 5.63 करोड़ रुपये, फरवरी में 59,744 चालानों से 5.44 करोड़ रुपये, मार्च में 73,803 चालानों से 6.87 करोड़ रुपये, अप्रैल में 68,036 चालानों से 6.40 करोड़ रुपये, मई में 50,006 चालानों से 4.65 करोड़ रुपये, जून में 1,24,144 चालानों से करीब 9.50 करोड़ रुपये और जुलाई में 15 जुलाई तक लगभग 3 करोड़ रुपये की वसूली की गई है।

लगातार कार्रवाई से सड़क हादसों में आई कमी- ट्रैफिक एसपी 
रांची के ट्रैफिक एसपी राकेश सिंह ने बताया कि नियमों के उल्लंघन के खिलाफ लगातार कार्रवाई किए जाने से सड़क दुर्घटनाओं में कमी आई है। उन्होंने कहा कि ड्रंक एंड ड्राइव जैसे अभियान लोगों की सुरक्षा के लिए जरूरी हैं। उनके अनुसार छोटी सी लापरवाही भी गंभीर हादसे का कारण बन सकती है, इसलिए यातायात नियमों का पालन करना सभी के लिए आवश्यक है। ट्रैफिक पुलिस ने सभी वाहन चालकों से हेलमेट पहनने, यातायात संकेतों का पालन करने, निर्धारित स्थान पर ही वाहन पार्क करने और सावधानीपूर्वक वाहन चलाने की अपील की है। पुलिस का कहना है कि नियमों का पालन करने से न केवल जुर्माने से बचा जा सकता है, बल्कि सड़क पर सभी की सुरक्षा भी सुनिश्चित होती है।
WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !