Potka Accident News: पोटका थाना क्षेत्र के हाता–टाटा मुख्य मार्ग पर मोहलडीह के पास शनिवार दोपहर एक सड़क दुर्घटना में एक वृद्ध की मौत हो गई. घटना पूर्व विधायक मेनका सरदार के आवास के समीप हुई. मृतक की पहचान रसराज बेहरा (78) के रूप में हुई है, जो ओडिशा के राजनगर थाना क्षेत्र के गोपीनाथपुर गांव के निवासी बताए गए हैं.
जानकारी के अनुसार रसराज बेहरा रायरंगपुर से बस से अपने घर लौट रहे थे. बस से उतरने के बाद वे सड़क पार कर हाता की ओर जाने का प्रयास कर रहे थे. इसी दौरान तेज गति से आ रही एक बाइक ने उन्हें टक्कर मार दी. हादसे के बाद बाइक चालक मौके से फरार हो गया.
टक्कर लगने से वृद्ध सड़क पर गिर पड़े और उनके सिर में गंभीर चोट लग गई. घटना की सूचना मिलने पर पोटका थाना प्रभारी सन्नी टोपो पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घायल को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पोटका पहुंचाया गया. वहां जांच के बाद चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम अस्पताल जमशेदपुर भेज दिया है. घटना के बाद फरार बाइक चालक की तलाश के लिए पुलिस द्वारा कार्रवाई की जा रही है.