बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हुए
बताया जाता है कि कुछ ग्रामीणों ने एक युवक को एक छोटे बच्चे के साथ कोयल नदी की ओर जाते हुए देखा।इस दौरान लोगों को उस पर संदेह हुआ और यह खबर फैल गई कि वह बच्चा चोर है। देखते ही देखते गांव में अफवाह फैल गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए।
पेड़ से बांध कर पीटा
आक्रोशित ग्रामीणों ने युवक को पकड़कर पेड़ से बांध दिया और लाठी-डंडों से उसकी पिटाई शुरू कर दी घटना के दौरान वहां मौजूद कुछ महिलाओं ने भी युवक के साथ मारपीट की युवक लगातार खुद को निर्दोष बताते हुए बच्चा चोरी के आरोप से इनकार करता रहा लेकिन भीड़ ने उसकी बात नहीं सुनी।
घटना की सूचना मिलने के बाद रनिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और किसी तरह युवक को भीड़ के चंगुल से छुड़ाकर थाना ले आई। पूछताछ में युवक की पहचान सोदे गांव निवासी लच्छु कुमार के रूप में हुई जो ट्रक में खलासी का काम करता है पुलिस ने युवक को अस्प्ताल में भर्ती कराया है।
नशे में होने की वजह से हुआ शक
पुलिस की प्रारंभिक जांच में बच्चा चोरी की बात सामने नहीं आई है। थाना प्रभारी श्यामल कुंभकार ने बताया कि युवक नशे की हालत में था जिसके कारण लोगों को उस पर संदेह हुआ और वह अफवाह का शिकार हो गया।
मारपीट में घायल युवक का इलाज कराया गया है और पूरे मामले की जांच की जा रही है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति को देखकर कानून को अपने हाथ में न लें और तुरंत पुलिस को सूचना दें। अफवाह के आधार पर किसी के साथ मारपीट करना कानूनन अपराध है।
पुलिस की अपील, कानून को हाथ में न लें
इस घटना के बाद पुलिस प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है। खूंटी पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि वे सोशल मीडिया या आसपास फैलने वाली किसी भी अफवाह पर तुरंत विश्वास न करें।