Jamshedour News : भीषण गर्मी के बीच जुगसलाई क्षेत्र में गहराते जल संकट को लेकर मंगलवार को लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। जुगसलाई और आसपास के इलाकों के सैकड़ों निवासी एकजुट होकर जुगसलाई नगर परिषद कार्यालय पहुंच गए और पार्षद के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन करते हुए घेराव किया।स्थानीय लोगों का आरोप है कि पिछले कई दिनों से इलाके में पानी की भारी किल्लत बनी हुई है। नलों में पानी नहीं आने से दैनिक जीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया है।
इस भीषण गर्मी में लोगों को पीने के पानी के लिए इधर-उधर भटकना पड़ रहा है, जिससे स्थिति और भी विकट हो गई है।प्रदर्शनकारियों ने कहा कि कई बार नगर परिषद के अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को इस समस्या से अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। इसी लापरवाही से नाराज होकर लोगों ने घेराव कर विरोध जताया।
महिलाओं-बुजुर्गों ने संभाला मोर्चा, आंदोलन तेज करने की चेतावनी
प्रदर्शन में महिलाओं और बुजुर्गों की भी बड़ी संख्या शामिल रही। उन्होंने प्रशासन से जल्द जलापूर्ति बहाल करने और स्थायी समाधान निकालने की मांग की। लोगों ने चेतावनी दी कि अगर समस्या का जल्द समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन और उग्र किया जाएगा।
नगर परिषद ने दिया भरोसा, जल्द सामान्य होगी जलापूर्ति
वहीं नगर परिषद के प्रतिनिधियों ने लोगों को आश्वस्त किया कि जलापूर्ति व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं और जल्द ही स्थिति सामान्य कर दी जाएगी।