Jamshedpur News: जमशेदपुर में इन दिनों सांपों के दिखाई देने की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं. कभी सड़क के बीच सांप नजर आ रहा है, तो कभी घर के बगीचे या आसपास के इलाकों में. बुधवार यानि आज ही, मानगो में स्कूटी की डिक्की के अंदर सांप मिलने की घटना सामने आई. इसके कुछ ही घंटों बाद रात करीब साढ़े दस बजे Croma के पास एक अजगर दिखाई दिया.
पेड़ पर छिपा बैठा था अजगर
Croma के पास लोगों की नजर एक बड़े अजगर पर पड़ी. बताया गया कि अजगर एक लंबे पेड़ पर छिपकर बैठा था. अचानक पेड़ पर सांप को देखकर आसपास के लोगों में उत्सुकता बढ़ गई और धीरे धीरे वहां भीड़ जमा होने लगी. लोगों की भीड़ और शोर बढ़ा तो अजगर भी वहां से निकलने की कोशिश करने लगा. बताया जा रहा है कि वह पेड़ से नीचे आया और भागने लगा. इस दौरान मौके पर मौजूद लोगों ने अजगर का फोटो और वीडियो भी बनाया.
समझदारी दिखाते हुए लोगों ने इसकी सूचना स्नेक रेस्क्यूर की टीम को दी
अजगर को पकड़ने के लिए भीड़ में मौजूद कुछ लोगों ने खुद उसके करीब जाने के बजाय स्नेक रेस्क्यू टीम को सूचना दी. जानकारी मिलते ही टीम मौके पर पहुंची और आसपास के इलाके में अजगर की तलाश शुरू की. काफी देर की मशक्कत के बाद रेस्क्यू टीम ने अजगर को पकड़ लिया. उसे सुरक्षित कब्जे में लेने के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने राहत की सांस ली.