Seraikela: कपाली ओपी क्षेत्र के हासाडुंगरी आमबागान स्थित बालू-ईंट भंडारण के पास सोमवार शाम पुलिस ने छापेमारी कर एक युवक को अवैध देशी कट्टा के साथ गिरफ्तार किया। बताया जा रहा है कि आरोपी किसी अप्रिय घटना को अंजाम देने की फिराक में था। सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई और योजनाबद्ध तरीके से इलाके की घेराबंदी कर युवक को पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपी को मंगलवार को न्यायालय में पेश किया गया।
गुप्त सूचना के आधार पर बनी टीम, भागते हुए दबोचा गया युवक
मिली जानकारी के अनुसार सोमवार शाम करीब 6:30 बजे कपाली ओपी को सूचना मिली थी कि हासाडुंगरी आमबागान इलाके में कुरता-पाजामा पहने एक युवक अवैध हथियार के साथ घूम रहा है। इस सूचना को गंभीरता से लेते हुए वरीय पदाधिकारियों को अवगत कराया गया और एक विशेष टीम का गठन किया गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की, इसी दौरान भागने की कोशिश कर रहे युवक को पकड़ लिया गया।
आरोपी की पहचान, हथियार और गोली बरामद
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम मो. तौशीफ अंसारी (22 वर्ष), निवासी ग्रीनवैली, आजाद बस्ती, रोड नंबर-17, क्रॉस रोड नंबर-01, थाना आजादनगर, जिला पूर्वी सिंहभूम बताया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक लोहे का लोडेड देशी कट्टा और 8 एमएम केएफ अंकित एक जिंदा गोली बरामद की गई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अवैध हथियार रखने के आरोप में मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
छापेमारी दल में कई अधिकारी शामिल
इस कार्रवाई में कपाली ओपी प्रभारी धीरंजन कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम सक्रिय रही। छापेमारी दल में हसनैन अंसारी, अनुसंधानकर्ता मनोज कुमार मिश्रा और अख्तर अंसारी सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।