Seraikela: सरायकेला खरसावां जिले की नई एसपी निधि द्विवेदी ने मंगलवार को सरायकेला थाना का औचक निरीक्षण किया, जहां उन्होंने विधि-व्यवस्था से लेकर थाने की विभिन्न व्यवस्थाओं का गहन जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने थाना प्रभारी विनय कुमार से अपराध नियंत्रण की स्थिति, लंबित मामलों की प्रगति और क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को लेकर विस्तार से जानकारी ली। एसपी ने स्पष्ट किया कि अपराध नियंत्रण और मामलों के समयबद्ध निष्पादन पर विशेष ध्यान दिया जाए, ताकि आम लोगों का भरोसा पुलिस व्यवस्था पर बना रहे।
हाजत, महिला थाना और अन्य व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण
निरीक्षण के दौरान एसपी ने अनुसूचित जाति-जनजाति थाना, महिला थाना, थाना हाजत, आगंतुक कक्ष और बाल मित्र थाना का भी बारीकी से अवलोकन किया। थाना परिसर में साफ-सफाई और व्यवस्थाओं को संतोषजनक पाते हुए उन्होंने संतोष व्यक्त किया। साथ ही थाना प्रभारी विनय कुमार के कार्यों की सराहना करते हुए उन्हें व्यवस्था को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए, ताकि लोगों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
बाल मित्र थाना को और बेहतर बनाने के निर्देश
बाल मित्र थाना के निरीक्षण के दौरान एसपी ने इसे और अधिक बच्चों के अनुकूल बनाने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने निर्देश दिया कि थाना के इंटीरियर को इस तरह विकसित किया जाए कि वहां आने वाले बच्चों को सहज और सुरक्षित माहौल महसूस हो। इसके लिए फर्श पर मैट बिछाने और रंगीन सजावट करने की बात कही गई, जिससे थाना का वातावरण आकर्षक और सकारात्मक बन सके।
समीक्षा बैठक कर दिए आवश्यक निर्देश
निरीक्षण के बाद एसपी ने अधिकारियों के साथ बैठक कर विभिन्न मामलों की समीक्षा की। उन्होंने लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन के निर्देश दिए और कहा कि हर मामले में गंभीरता और पारदर्शिता बनाए रखना जरूरी है। साथ ही पुलिसकर्मियों को अपने दायित्वों का ईमानदारी से निर्वहन करने पर भी जोर दिया गया।