Jamshedpur News : बारीडीह हाई स्कूल के लिए यह गर्व का क्षण है, क्योंकि विद्यालय को सीनियर सेकेंडरी (प्लस-टू) की आधिकारिक मान्यता मिल गई है। अब यहां उच्च माध्यमिक स्तर की पढ़ाई भी संभव हो सकेगी, जिसे विद्यालय की शैक्षणिक प्रगति का महत्वपूर्ण पड़ाव माना जा रहा है।
नई शिक्षा नीति के तहत विषय चयन की मिलेगी आजादी
इस उपलब्धि के अवसर पर स्कूल परिसर में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई। प्रधानाचार्या संगीता हलदर ने छात्रों और अभिभावकों को कला एवं वाणिज्य संकाय के तहत उपलब्ध विषयों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि नई शिक्षा नीति के तहत अब छात्र अपनी रुचि और क्षमता के अनुसार विषयों का चयन कर सकते हैं, जिससे उनके कौशल और करियर को बेहतर दिशा मिल सकेगी।
कार्यक्रम में अभिभावकों और विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और विभिन्न विषयों को लेकर अपनी जिज्ञासाओं का समाधान प्राप्त किया। विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि इस पहल का उद्देश्य छात्रों को आधुनिक दौर की जरूरतों के अनुरूप शिक्षा प्रदान करना और उन्हें सामाजिक, सांस्कृतिक व व्यावसायिक क्षेत्रों में आगे बढ़ने के लिए तैयार करना है।
विद्यालय की यह उपलब्धि न केवल संस्थान के लिए, बल्कि पूरे क्षेत्र के छात्रों के लिए भी नए अवसरों के द्वार खोलने वाली साबित होगी।