JSSC CGL Investigation: JSSC-CGL परीक्षा में हुई गड़बड़ियों और कथित पेपर लीक मामले की जांच अब आगे बढ़ रही है. मामले की जांच कर रही CID की SIT ने झारखंड कर्मचारी चयन आयोग के अधिवक्ता संजोय पिपरवाल को पूछताछ के लिए नोटिस भेजा है. SIT ने उन्हें तय समय पर जांच टीम के सामने उपस्थित होने को कहा है.
कानूनी दस्तावेजों और दलीलों की होगी जानकारी
पूछताछ के दौरान SIT परीक्षा विवाद से जुड़े कानूनी दस्तावेजों के बारे में जानकारी लेगी. अदालत में आयोग की ओर से क्या पक्ष रखा गया और किन आधारों पर दलीलें दी गईं, इसे लेकर भी अधिवक्ता से जानकारी ली जाएगी. इसके अलावा विवाद के दौरान आयोग की ओर से लिए गए प्रशासनिक फैसलों से जुड़े पहलुओं पर भी सवाल किए जा सकते हैं.
आयोग और परीक्षा एजेंसी के पत्राचार की जांच
SIT परीक्षा के दौरान आयोग, परीक्षा एजेंसी और दूसरे संबंधित पक्षों के बीच हुए पत्राचार की भी जांच कर रही है. टीम यह पता लगाने में जुटी है कि उस दौरान कौन-कौन से फैसले लिए गए और उनके पीछे क्या प्रक्रिया अपनाई गई.
पहले भी कई लोगों से हो चुकी है पूछताछ
बताया जा रहा है कि SIT इस मामले में इससे पहले परीक्षा से जुड़े कई अधिकारियों और अन्य लोगों से पूछताछ कर चुकी है.
आयोग के अधिवक्ता संजोय पिपरवाल को पूछताछ के लिए बुलाया जाना भी इसी जांच प्रक्रिया का हिस्सा माना जा रहा है. मामले में SIT की जांच आगे जारी है.