Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-03-01

Chaibasa News: सारंडा में बड़ा धमाका, सर्च ऑपरेशन के दौरान आईईडी विस्फोट में कोबरा के अफसर घायल

Chaibasa News: झारखंड के चाईबासा जिले के घने सारंडा वन क्षेत्र में नक्सल विरोधी अभियान के दौरान रविवार सुबह बड़ा हादसा हो गया. सर्च ऑपरेशन पर निकली सुरक्षा टीम पर नक्सलियों द्वारा पहले से बिछाए गए आईईडी में जोरदार विस्फोट हो गया, जिसमें 209 कोबरा बटालियन के सहायक कमांडेंट अजय मलिक गंभीर रूप से घायल हो गए.


गुप्त सूचना पर निकली थी टीम

सुरक्षा एजेंसियों को सारंडा के जंगलों में नक्सलियों की गतिविधि की पुख्ता जानकारी मिली थी. इसी आधार पर CoBRA की 209वीं बटालियन और जिला पुलिस की संयुक्त टीम इलाके में तलाशी अभियान चलाने पहुंची थी.

ऑपरेशन के दौरान जब जवान जंगल के अंदर दुर्गम रास्ते से गुजर रहे थे, तभी जमीन के नीचे दबाया गया प्रेशर आईईडी अचानक फट गया. विस्फोट इतना शक्तिशाली था कि उसकी आवाज दूर तक सुनाई दी. धमाके की चपेट में आकर सहायक कमांडेंट अजय मलिक बुरी तरह घायल हो गए.

तुरंत संभाला मोर्चा
धमाके के बाद साथ चल रहे जवानों ने तेजी से स्थिति पर काबू पाया और पूरे क्षेत्र को चारों ओर से घेर लिया. किसी और खतरे की आशंका को देखते हुए इलाके में सघन तलाशी शुरू कर दी गई है. घटना की सूचना तुरंत पुलिस मुख्यालय और वरिष्ठ अधिकारियों को दी गई. इसके बाद अतिरिक्त सुरक्षा बलों को भी मौके पर भेजा गया है.

रांची भेजने की तैयारी
घायल अधिकारी को पहले घटनास्थल से सुरक्षित निकालकर प्राथमिक इलाज दिया गया. उनकी हालत गंभीर होने के कारण बेहतर इलाज के लिए एयरलिफ्ट कर रांची ले जाने की तैयारी की गई है. रांची के खेलगांव स्थित हेलीपैड पर एंबुलेंस और चिकित्सकों की टीम को अलर्ट रखा गया है. वहां से उन्हें सीधे अस्पताल में भर्ती कराया जाएगा.

बढ़ी नक्सली गतिविधियां
पिछले कुछ महीनों में सारंडा और कोल्हान क्षेत्र के जंगलों में नक्सली गतिविधियां फिर से तेज हुई हैं. सुरक्षा बल लगातार इन इलाकों में अभियान चलाकर नक्सलियों की पकड़ कमजोर करने की कोशिश कर रहे हैं. दबाव बढ़ने के कारण नक्सली अक्सर आईईडी जैसे विस्फोटकों का इस्तेमाल कर सुरक्षा बलों को निशाना बनाते हैं.

फिलहाल पूरे इलाके में सर्च ऑपरेशन जारी है और सुरक्षा एजेंसियां किसी भी संभावित खतरे को टालने के लिए सतर्क हैं.

WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !