Jharkhand Big News: निलंबित आईएएस विनय चौबे और उनके परिवार से जुड़े मामलों में रोज नए खुलासे हो रहे हैं. इसी कड़ी में अब एक और संदिग्ध वित्तीय लेनदेन का मामला सामने आया है. यह लेनदेन मोहम्मद इरफान इकबाल के खाते से विनय चौबे के साले शिपिज त्रिवेदी के बैंक खातों में किया गया है.
इन तथ्यों के सामने आने के बाद भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने मोहम्मद इरफान इकबाल को लेकर जांच शुरू कर दी है. एसीबी का मानना है कि इस लेनदेन के पीछे किसी गहरी साजिश की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता.
लाखों रुपये का ट्रांजैक्शन
एसीबी की जांच में सामने आया है कि मो. इरफान इकबाल के बैंक खाते से शिपिज त्रिवेदी के एक्सिस बैंक और पंजाब नेशनल बैंक के खातों में लगातार रकम ट्रांसफर की गई है. यह राशि नकद के साथ-साथ IMPS, NEFT और RTGS के माध्यम से भेजी गई है. अब तक सामने आई जानकारी के अनुसार यह लेनदेन 25 लाख रुपये से अधिक का है.
बार-बार ट्रांसफर से बढ़ा शक
जांच एजेंसी को यह भी पता चला है कि मो. इरफान इकबाल की ओर से बार-बार पैसे ट्रांसफर किए गए. इस पैटर्न ने एसीबी के संदेह को और मजबूत कर दिया है कि इस पूरे मामले में विनय चौबे और उनके परिवार के साथ इकबाल की भूमिका भी हो सकती है.
कंपनियों के जरिए धन घुमाने की आशंका
एसीबी की जांच में यह भी संकेत मिले हैं कि अवैध संपत्ति को कंपनियों और फर्मों के माध्यम से घुमाया गया. जांच के दायरे में Skyfliers Business Advisors Pvt. Ltd, Brahmastra Education Pvt, Ltd और Trivturf Infrastructure Pvt. Ltd के नाम सामने आए हैं. इन कंपनियों के खातों से हुआ लेनदेन उनकी सामान्य व्यावसायिक गतिविधियों से मेल नहीं खा रहा है.
पैसे के स्रोत की तलाश
फिलहाल एसीबी यह पता लगाने में जुटी है कि शिपिज त्रिवेदी के खातों में आई इतनी बड़ी रकम का वास्तविक स्रोत क्या है. एजेंसी इस एंगल से भी जांच कर रही है कि कहीं यह राशि विनय चौबे से जुड़े कथित भ्रष्टाचार से तो नहीं जुड़ी है. जांच के आगे बढ़ने के साथ इस मामले में और खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है.