Jamshedpur Crime News: जमशेदपुर के मानगो में बुधवार शाम प्रेम प्रसंग को लेकर एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई. मृतक की पहचान मानगो गुरुद्वारा बस्ती निवासी राहुल बच्चा के रूप में हुई है. घटना डिमना रोड स्थित मुंशी मोहल्ला मजार लाइन के पास हुई, जहां राहुल पर गोली चलाने के साथ पत्थर और डंडे से भी हमला किए जाने का आरोप है.
घायल राहुल को तत्काल टाटा मेन हॉस्पिटल पहुंचाया गया, लेकिन इमरजेंसी में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. हत्या की खबर फैलते ही उसके परिजन और बड़ी संख्या में दोस्त टीएमएच पहुंच गए. इस दौरान अस्पताल परिसर में हंगामा हुआ, जिसके बाद पुलिस बल तैनात कर दिया गया.
स्प्लेंडर बाइक पर बैठा था राहुल, तभी पहुंच गए हमलावर
प्रत्यक्षदर्शियों और राहुल के दोस्तों के अनुसार, बुधवार शाम करीब सात बजे राहुल बच्चा मुंशी मोहल्ला मजार लाइन के पास अपनी स्प्लेंडर बाइक पर बैठा था. इसी दौरान करीब 20 से 30 युवक वहां पहुंचे और उस पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया.
आरोप है कि हमलावरों ने राहुल को गोली मारी. इसके बाद पत्थर और डंडे से भी उस पर हमला किया गया. राहुल के दोस्तों ने बीच-बचाव की कोशिश की तो हमलावरों ने उन पर भी हमला करने का प्रयास किया. वारदात को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए.
एक युवती से बातचीत को लेकर चल रहा था विवाद
राहुल के दोस्त राजेश दुबे ने बताया कि हत्या के पीछे प्रेम प्रसंग का मामला है. बताया जा रहा है कि राहुल बच्चा और शंकोसाई रोड नंबर पांच निवासी साहिब सिंह उर्फ सब्बे एक ही युवती से बातचीत करते थे.
बताया जा रहा है कि युवती मानगो के टीचर्स कॉलोनी की रहने वाली है. राहुल के दोस्तों का आरोप है कि साहिब सिंह उर्फ सब्बे राहुल को युवती से बात नहीं करने के लिए कहता था. इसी बात को लेकर दोनों के बीच पहले से विवाद चल रहा था.
दो दिन पहले इंस्टाग्राम पर मिली थी धमकी
राहुल के दोस्तों ने दावा किया कि दो दिन पहले साहिब सिंह उर्फ सब्बे ने राहुल को इंस्टाग्राम पर जान से मारने की धमकी दी थी. हालांकि राहुल ने उस धमकी को गंभीरता से नहीं लिया और मजाक समझकर नजरअंदाज कर दिया.
दोस्तों के मुताबिक, राहुल को टीएमएच लाए जाने के बाद वह युवती भी अस्पताल पहुंची थी, लेकिन राहुल के साथ मौजूद लोगों ने उसे अंदर जाने नहीं दिया.
टीएमएच और घटनास्थल पर पुलिस की तैनाती
घटना की सूचना मिलने के बाद मानगो थाना प्रभारी, बिष्टुपुर थाना प्रभारी और डीएसपी मनोज ठाकुर टीएमएच पहुंचे. अस्पताल में तनाव की स्थिति को देखते हुए भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया.
पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया है. आरोपी और उसके साथियों की पहचान कर गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है. पुलिस प्रेम प्रसंग समेत सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है.