Jharkhand: झारखंड के पांच जिलों में नए नगर निकाय भवनों के निर्माण का रास्ता साफ हो गया है. नगर विकास एवं आवास विभाग ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए इन योजनाओं को मंजूरी देते हुए कुल 48 करोड़ 64 लाख 92 हजार 427 रुपये की राशि स्वीकृत की है. इस फंड से पलामू, गोड्डा, सरायकेला-खरसावां, गुमला और जामताड़ा में नगर निकायों के लिए भवन तैयार किए जाएंगे. विभाग के मुताबिक, स्वीकृत पूरी राशि इसी वित्तीय वर्ष में उपलब्ध करा दी गई है.
पांच जिलों में कहां-कहां बनेंगे भवन
योजना के तहत अलग-अलग नगर निकायों के लिए राशि निर्धारित की गई है. पलामू में छतरपुर नगर पंचायत के भवन के लिए 9 करोड़ 83 लाख 72 हजार 817 रुपये स्वीकृत किए गए हैं. गोड्डा में गोड्डा नगर परिषद के भवन निर्माण पर 9 करोड़ 89 लाख 45 हजार 667 रुपये खर्च होंगे. सरायकेला-खरसावां के लिए 9 करोड़ 26 लाख 27 हजार 634 रुपये का प्रावधान किया गया है. यहां झुमरीतिलैया नगर परिषद भवन का निर्माण कराया जाएगा. गुमला में नगर परिषद भवन के लिए 9 करोड़ 66 लाख 51 हजार 788 रुपये मंजूर हुए हैं. वहीं, जामताड़ा नगर पंचायत भवन के निर्माण के लिए 9 करोड़ 98 लाख 94 हजार 521 रुपये की स्वीकृति दी गई है.
निर्माण की जिम्मेदारी जुडको को
सरकार ने सभी पांच भवनों के निर्माण की जिम्मेदारी जुडको लिमिटेड (JUIDCO Limited) को सौंपी है. निर्माण कार्य स्वीकृत डीपीआर के आधार पर कराया जाएगा. इसके अलावा काम की गुणवत्ता पर विशेष निगरानी रखने का निर्देश दिया गया है. जुडको को प्रत्येक महीने निर्माण की भौतिक और वित्तीय प्रगति की रिपोर्ट नगर विकास एवं आवास विभाग को देनी होगी.
टेंडर से होगा काम
सरकारी आदेश के अनुसार, भवन निर्माण के लिए खुली और प्रतिस्पर्धी निविदा प्रक्रिया अपनाई जाएगी. स्वीकृत बजट का इस्तेमाल केवल संबंधित योजना में ही किया जा सकेगा. निर्माण पूरा होने के बाद तैयार भवन संबंधित नगर निकाय को सौंप दिया जाएगा.
राशि के इस्तेमाल पर भी रहेगी निगरानी
विभाग ने राशि की निकासी और खर्च को लेकर भी स्पष्ट निर्देश दिए हैं. भुगतान और खर्च की प्रक्रिया झारखंड कोषागार संहिता तथा लागू वित्तीय नियमों के अनुसार होगी. योजना के काम और खर्च की निगरानी संबंधित विभाग के अधिकारियों के साथ-साथ लेखा अधिकारियों द्वारा की जाएगी.