Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-08-24

Jamshedpur News: पारडीह कालीबाड़ी में नाबालिगों पर लाठीचार्ज का आरोप, थाना प्रभारी को निलंबित करने की मांग

Jamshedpur News: पारडीह कालीबाड़ी मंदिर परिसर में जन्मदिन मना रहे नाबालिग बच्चों के साथ कथित मारपीट का मामला सामने आया है। घटना को लेकर बच्चों के परिजनों और स्थानीय बस्तीवासियों ने पूर्वी सिंहभूम के SSP को ज्ञापन सौंपकर आजादनगर थाना प्रभारी चंदन कुमार और कथित रूप से संलिप्त पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि पुलिस ने बिना उचित पूछताछ या चेतावनी के बच्चों पर लाठीचार्ज किया।


जन्मदिन मना रहे बच्चों पर कार्रवाई का आरोप

ज्ञापन के अनुसार, घटना 22 अगस्त की रात करीब 8:30 बजे पारडीह कालीबाड़ी मंदिर परिसर में हुई। स्थानीय नाबालिग बच्चे अपने एक साथी का जन्मदिन मना रहे थे। परिजनों का दावा है कि उस दौरान किसी तरह की आपराधिक या असामाजिक गतिविधि नहीं हो रही थी।

शिकायत में आरोप लगाया गया है कि आजादनगर थाना प्रभारी चंदन कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और बच्चों के साथ मारपीट की। इस दौरान गणेश कुमार, राहुल कुमार और बाबू के घायल होने की बात कही गई है।

बच्चों में डर का माहौल, परिजनों ने मांगी सुरक्षा

परिजनों का कहना है कि घटना के बाद बच्चे मानसिक रूप से काफी परेशान हैं। शिकायत में दावा किया गया है कि बच्चे रात में डरकर उठ जाते हैं और घर से बाहर निकलने में भी भय महसूस कर रहे हैं।


पीड़ित परिवारों ने SSP से मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी और कथित रूप से घटना में शामिल पुलिसकर्मियों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की मांग की है। साथ ही परिवारों को किसी भी तरह की पुलिसिया प्रताड़ना या प्रतिशोध से सुरक्षा देने की अपील की गई है।

DGP और IG को भी भेजी प्रतिलिपि

ज्ञापन में पुलिस अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई के साथ मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग भी की गई है। शिकायत के साथ घायलों के इलाज और चोट से संबंधित दस्तावेज तथा समाचार पत्र की छायाप्रति संलग्न किए जाने की बात कही गई है। ज्ञापन की प्रतिलिपि झारखंड के पुलिस महानिदेशक (DGP) और कोल्हान प्रमंडल के पुलिस महानिरीक्षक (IG) को भी भेजी गई है। फिलहाल पुलिस की ओर से इन आरोपों पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !