Dhanbad News : धनबाद जिले के चिरकुंडा थाना क्षेत्र में पुलिस ने फर्जी लॉटरी टिकट छापने वाले एक बड़े गिरोह का भंडाफोड़ किया है। बाबुडंगाल मोड़ स्थित BCCL के बंद पड़े जर्जर भवन में चल रही अवैध मिनी प्रिंटिंग प्रेस पर छापेमारी कर पुलिस ने करीब 150 करोड़ रुपये मूल्य के जाली लॉटरी टिकट, 95 बंडल फर्जी टिकट, 9 प्रिंटर, दो बड़े जेरॉक्स मशीन समेत भारी मात्रा में इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जब्त किए हैं। कार्रवाई के दौरान स्वरूप मल्लिक नामक आरोपी को गिरफ्तार किया गया, जबकि गिरोह के अन्य सदस्य फरार हो गए।
पुलिस के अनुसार, यह गिरोह झारखंड के अलावा बिहार, पश्चिम बंगाल, ओडिशा और छत्तीसगढ़ समेत कई राज्यों में फर्जी लॉटरी टिकट की सप्लाई करता था।
गुप्त सूचना पर हुई छापेमारी
ग्रामीण एसपी एस. मोहम्मद याकूब ने बताया कि वरीय अधिकारियों को मिली गुप्त सूचना के आधार पर निरसा एसडीपीओ के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने बाबुडंगाल मोड़ स्थित बंद पड़े BCCL भवन में छापेमारी कर मौके से भारी मात्रा में जाली लॉटरी टिकट और प्रिंटिंग उपकरण बरामद किए।

बरामद सामान में 9 प्रिंटर, 2 बड़े जेरॉक्स मशीन, पेपर कटर, स्टेपलर, इन्वर्टर, बैटरी, स्टेबलाइजर और एक बुलेट मोटरसाइकिल भी शामिल है।
पूछताछ में कई नाम आए सामने
गिरफ्तार आरोपी स्वरूप मल्लिक ने पूछताछ में प्रकाश सिंह, भानु प्रताप सिंह, जय सिंह उर्फ पिंटा उर्फ भगत सिंह, ननहकु समेत अन्य लोगों के साथ मिलकर फर्जी लॉटरी टिकट छापने और विभिन्न राज्यों में उसकी सप्लाई करने की बात स्वीकार की है।
पुलिस ने इस मामले में बीएनएस की विभिन्न धाराओं और लॉटरी विनियमन अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी है।
आपराधिक इतिहास भी खंगाल रही पुलिस
पुलिस के मुताबिक, गिरोह के मुख्य आरोपी प्रकाश सिंह और जय सिंह उर्फ पिंटा के खिलाफ झारखंड और बिहार के विभिन्न थानों में पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। अब पुलिस इस पूरे नेटवर्क की आर्थिक गतिविधियों, सप्लाई चेन और अन्य जुड़े लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।