Jamshedpur: जमशेदपुर के बागबेड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत कॉलोनी रोड नंबर-3 स्थित एक मकान में बुधवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक युवक संदिग्ध परिस्थितियों में घायल हालत में मिला। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया। हालांकि, घटना के बाद दोनों पक्षों की ओर से एक-दूसरे पर लगाए गए गंभीर आरोपों के चलते मामला पेचीदा हो गया है।
युवक का आरोप- प्रेमिका के बुलाने पर गया था, परिजनों ने बंधक बनाकर पीटा
घायल युवक आशीष कुमार के अनुसार, उसका बागबेड़ा की एक युवती से पिछले डेढ़ साल से प्रेम संबंध चल रहा है। आशीष का दावा है कि वह युवती के कहने पर ही उससे मिलने उसके घर गया था, जहां युवती के परिवार वालों ने उसे कमरे में रोककर उसके साथ बुरी तरह मारपीट की। पीड़ित ने यह भी आरोप लगाया कि परिजनों ने उसका मोबाइल फोन छीन लिया, जिसमें डिजिटल लेनदेन, आपसी बातचीत और कई अहम रिकॉर्ड मौजूद थे।
युवती के पिता का दावा- बिना इजाजत कमरे में घुसा युवक, की बदसलूकी
दूसरी ओर, युवती के पिता ने आशीष के दावों को पूरी तरह खारिज करते हुए अलग आरोप लगाया है। उनका कहना है कि युवक बिना अनुमति उनकी बेटी के कमरे में जबरन घुस आया और उसके साथ अनुचित व्यवहार करने का प्रयास किया, जिसके बाद विवाद की स्थिति पैदा हुई।
पुलिस कर रही साक्ष्यों व डिजिटल रिकॉर्ड की जांच
घटना की जानकारी मिलने के बाद बागबेड़ा थाना पुलिस ने मौके का मुआयना किया और घायल आशीष का अस्पताल में इलाज शुरू कराया। पुलिस फिलहाल दोनों पक्षों के बयान दर्ज कर रही है। थाना अधिकारियों का कहना है कि मोबाइल के डिजिटल रिकॉर्ड और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है, जिसके बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।