अनियंत्रित होकर गड्ढे में पलटा ऑटो
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, यह दुर्घटना हैदरनगर थाना क्षेत्र के बहेरा-बिंदुबिगहा मोड़ के पास हुई. एक ऑटो अपनी रफ्तार से जा रहा था कि अचानक झाड़ियों से निकलकर एक नीलगाय सड़क के बीचों-बीच आ गई. उसे बचाने के लिए ड्राइवर ने तेजी से स्टेयरिंग मोड़ा, जिससे ऑटो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गहरे गड्ढे में पलट गया. इसी दौरान सामने से आ रहा एक दूसरा ऑटो भी इस हादसे की चपेट में आ गया.
ग्रामीणों ने संभाला मोर्चा, अस्पताल पहुंचाए गए घायल
हादसे के तुरंत बाद आसपास के ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए राहत काम शुरू किया और सभी घायलों को ऑटो से बाहर निकाला. एंबुलेंस की मदद से सभी पीड़ितों को तुरंत अनुमंडल अस्पताल हुसैनाबाद पहुंचाया गया. डॉक्टरों ने प्राथमिक इलाज के बाद एक मरीज की गंभीर हालत को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए मेदिनीनगर रेफर कर दिया.
हादसे में घायल हुए लोगों की पहचान
इस सड़क हादसे में घायल हुए लोगों की पहचान कर ली गई है. घायलों में मोहम्मदगंज के मनीष कुमार (26 वर्ष),असरार शाह (26 वर्ष) , बलडीहरी की समीदा बीबी (65 वर्ष), समीर शाह (18 वर्ष) हसमुख शाह (22 वर्ष),और अनुज भुइयां (35 वर्ष) शामिल हैं. घटना की खबर मिलने के बाद हैदरनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और यातायात सामान्य कराने के साथ मामले की जांच में जुट गई.
घायल नीलगाय के इलाज के लिए वन विभाग को सूचना दी गई
इस हादसे में ऑटो की टक्कर से नीलगाय का एक पैर टूटने की बात सामने आई है. स्थानीय लोगों और प्रशासन ने घटना की जानकारी तुरंत वन विभाग और पशुपालन विभाग को दे दी है, ताकि घायल बेजुबान का समय पर इलाज हो सके.