Chaibasa: पश्चिमी सिंहभूम जिले के जराईकेला थाना क्षेत्र स्थित सागजोड़ी गांव में शनिवार को एक दर्दनाक घटना सामने आई। जहां अजम्बर चौक के समीप स्थित एक कुएं में डूबने से 14 वर्षीय हरीश भूमिज की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
नहाते समय संतुलन बिगड़ने से कुएं में गिरा
जानकारी के अनुसार, सागजोड़ी निवासी शंकर भूमिज का पुत्र हरीश अपनी छोटी बहन के साथ कुएं पर स्नान करने गया था। इसी दौरान उसका संतुलन बिगड़ गया और वह सीधे गहरे पानी में जा गिरा। काफी देर तक उसके बाहर नहीं आने पर आसपास मौजूद लोगों को किसी अनहोनी की आशंका हुई। घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। कुआं गहरा होने के कारण किशोर का पता लगाना आसान नहीं था। इसके बावजूद ग्रामीणों ने मिलकर खोजबीन शुरू की और काफी प्रयास के बाद हरीश को कुएं से बाहर निकाला। उसे तुरंत इलाज के लिए स्थानीय चिकित्सक के पास ले जाया गया, जहां जांच के बाद डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सूचना मिलते ही पहुंची पुलिस
घटना की खबर फैलते ही गांव में मातमी सन्नाटा छा गया। वहीं सूचना मिलने पर जराईकेला थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे के बाद ग्रामीणों ने खुले और असुरक्षित कुओं को लेकर चिंता जताई है। लोगों का कहना है कि ऐसे जलस्रोतों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जानी चाहिए, ताकि भविष्य में इस तरह की दुखद घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।