Seraikela: सरायकेला-खरसावां के उपायुक्त नितिश कुमार सिंह के निर्देश पर शुक्रवार को चांडिल अनुमंडल प्रशासन ने कपाली नगर परिषद क्षेत्र में अवैध बूचड़खानों के खिलाफ बड़ा अभियान चलाया। एसडीएम विकास राय के नेतृत्व में हुई छापेमारी से इलाके में हड़कंप मच गया।
रहमत नगर से दो गायें जब्त
प्रशासनिक टीम ने कई स्थानों पर छापेमारी की। इस दौरान रहमत नगर निवासी ताहिर कुरैशी के बूचड़खाने से दो गायों को जब्त किया गया। दोनों मवेशियों को गौशाला भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। वहीं कपाली नगर परिषद ने संबंधित बूचड़खाने को सील कर दिया।
लगातार मिल रही थीं शिकायतें
एसडीएम विकास राय ने बताया कि क्षेत्र से अवैध बूचड़खानों और गोकशी की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। जांच के दौरान एक लाइसेंसी बूचड़खाना मिला, जिसके दस्तावेजों की जांच कर संचालक को नियमों का पालन करने की सख्त हिदायत दी गई।
बिना दस्तावेज वाले बूचड़खाने किए गए सील
छापेमारी के दौरान कई अन्य बूचड़खाने बंद मिले, लेकिन उनके संचालक कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। ऐसे सभी बूचड़खानों को प्रशासन ने सील कर दिया। एसडीएम ने चेतावनी दी कि भविष्य में अवैध बूचड़खाना संचालित करते पाए जाने पर सख्त दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
नगर परिषद को दिए गए निर्देश
प्रशासन ने कपाली नगर परिषद को क्षेत्र के सभी अवैध बूचड़खानों की पहचान कर तत्काल बंद कराने का निर्देश दिया है।
लाइसेंस प्रक्रिया पर भी उठे सवाल
कार्रवाई के बाद लाइसेंस प्रक्रिया को लेकर भी सवाल खड़े हो गए हैं। सिटी मैनेजर ने दावा किया कि नगर परिषद की ओर से किसी भी बूचड़खाने को लाइसेंस जारी नहीं किया गया है। प्रस्तुत किए गए दस्तावेजों की जांच की जा रही है।