Jamshedpur: सीतारामडेरा थाना अंतर्गत भालूबासा में बीते रविवार (10 मई) को हुए जानलेवा हमले के मामले में एक दुखद मोड़ आया है। गंभीर रूप से घायल मानगो निवासी 35 वर्षीय मोहम्मद मुमताज ने शुक्रवार सुबह रांची के रिम्स (RIMS) अस्पताल में अंतिम सांस ली। हमले के बाद मुमताज को टाटा मुख्य अस्पताल (TMH) के आईसीयू में भर्ती कराया गया था, लेकिन सिर पर गंभीर चोट और लगातार नाजुक बनी स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए रांची रेफर किया गया था, जहां तमाम प्रयासों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका।
दो नामजद आरोपी गिरफ्तार, एक अब भी फरार
इस हत्याकांड में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो मुख्य आरोपियों को धर दबोचा है। सीतारामडेरा थाना प्रभारी के अनुसार, मामले में नामजद आरोपी रोहित मुखी और राजू मुखी को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने बताया कि इस हमले में शामिल एक अन्य आरोपी फिलहाल फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस की विशेष टीम लगातार छापेमारी कर रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही तीसरे आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
परिवार का इकलौता सहारा था मुमताज
मृतक के छोटे भाई मोहम्मद फैयाज ने आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई थी। फैयाज ने बताया कि मुमताज ही अपने घर के इकलौते कमाने वाले सदस्य थे, जिन पर पूरे परिवार की जिम्मेदारी थी। परिवार की आर्थिक स्थिति पहले से ही काफी कमजोर है। उनके पिता मोहम्मद बशीर ठेला चलाकर अपना और परिवार का गुजारा करते हैं। मुमताज की मौत के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और इलाके में शोक का माहौल है।
क्या था पूरा मामला?
बता दें कि 10 मई को भालूबासा इलाके में कई युवकों ने आपसी विवाद के बाद मोहम्मद मुमताज पर हमला कर दिया था। चश्मदीदों के अनुसार, मुमताज के सिर पर भारी सामान और धारदार हथियार से वार किया गया था, जिससे वे लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़े थे। पुलिस अब इस मामले में हत्या की कड़ियां जोड़कर आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी कर रही है।