• 2025-06-06

Women Empowered : धालभूमगढ़ में महिलाओं को मिला नया रोजगार का अवसर, जुट बैग और पत्तों की प्लेट निर्माण इकाई का शुभारंभ

धालभूमगढ़ (पूर्वी सिंहभूम): जिले को प्लास्टिक मुक्त बनाने और ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। धालभूमगढ़ वन विभाग रेंज कार्यालय परिसर में ग्रामीण महिलाओं के लिए जुट के थैलों और पत्तों से बनी प्लेटों के निर्माण की इकाई की स्थापना की गई है। इस पहल के तहत स्थानीय महिलाओं को पहले प्रशिक्षण दिया जा रहा है, ताकि वे इस कार्य में दक्ष हो सकें और उन्हें स्थायी रूप से रोजगार का अवसर मिल सके। परियोजना की शुरुआत पूर्वी सिंहभूम जिला वन प्रमंडल की ओर से की गई है, जिसका उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ महिलाओं को स्वावलंबी बनाना है।

वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार, रेंज कार्यालय में स्थापित इस इकाई में अत्याधुनिक उपकरण लगाए गए हैं, जहां महिलाएं प्रशिक्षित होकर इस उद्योग से जुड़ रही हैं। प्रशिक्षण के बाद ये महिलाएं न केवल अपने लिए आजीविका का साधन अर्जित कर सकेंगी, बल्कि जिले को प्लास्टिक मुक्त बनाने में भी अहम भूमिका निभाएंगी।

जमशेदपुर वन प्रमंडल के रेंजर दीगविजय सिंह ने बताया, यह पहल वन विभाग का एक प्रयास है, जिससे स्थानीय महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ा जा रहा है। साथ ही, प्लास्टिक के विकल्प के रूप में जुट बैग का उपयोग बढ़ाकर हम अपने जिले को प्लास्टिक मुक्त बनाने की दिशा में भी कार्य कर रहे हैं।

इस पहल से न केवल पर्यावरण को लाभ मिलेगा, बल्कि क्षेत्र की महिलाएं आर्थिक रूप से सशक्त होंगी और समाज में उनकी भागीदारी और भी मजबूत होगी।