Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-03-21

Jharkhand Politics: चाईबासा आएंगे राहुल गांधी, 31 मार्च को कांग्रेस के "प्रशिक्षण शिविर" में होंगे शामिल, संगठन को मजबूत करने की कवायद तेज

Jharkhand Politics: प्रदेश कांग्रेस की ओर से "संगठन सृजन अभियान" के तहत नवचयनित जिला अध्यक्षों के लिए चाईबासा स्थित टीआरटीसी में एक विशेष प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया जा रहा है. यह 10 दिवसीय शिविर 22 मार्च से शुरू होकर 31 मार्च तक चलेगा जिसमें झारखंड और उड़ीसा के जिला अध्यक्षों को प्रशिक्षित किया जाएगा. शिविर के अंतिम दिन 31 मार्च को लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी स्वयं शिरकत करेंगे और पदाधिकारियों का मार्गदर्शन करेंगे.
 
प्रदेश अध्यक्ष ने दी कार्यक्रम की जानकारी
झारखंड प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने शनिवार को कांग्रेस भवन में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में इस भव्य आयोजन की विस्तृत जानकारी दी. उन्होंने बताया कि इस शिविर का मुख्य उद्देश्य जिला अध्यक्षों को कांग्रेस के गौरवशाली इतिहास और संगठन की बारीकियों से अवगत कराना है. शिविर के दौरान नेताओं को कार्यकर्ताओं से बेहतर संवाद स्थापित करने और "नेतृत्व क्षमता के विकास" जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से जानकारी दी जाएगी.

मैदान में उतरकर जनता से जुड़ेंगे नेता
प्रशिक्षण की इस प्रक्रिया में दो दिनों का "फील्ड विजिट" भी शामिल किया गया है जिसमें जिला अध्यक्ष सीधे आम लोगों के बीच जाकर उनकी जमीनी समस्याओं को समझेंगे. इसके अलावा संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करने और जनता की समस्याओं के समाधान की रणनीतियों पर चर्चा होगी. शिविर में झारखंड के 25 और उड़ीसा के 35 जिला अध्यक्षों के साथ साथ दोनों राज्यों के कई दिग्गज नेता और प्रभारी भी मौजूद रहेंगे.

प्रशिक्षण देने पहुंचेंगे कांग्रेस के दिग्गज
शिविर के विभिन्न सत्रों में कांग्रेस विधायक दल के नेता प्रदीप यादव और वित्त मंत्री राधा कृष्ण किशोर सहित कई वरिष्ठ विधायक और नेता प्रशिक्षण देंगे. इसमें डॉ. इरफान अंसारी, दीपिका पांडे सिंह और शिल्पी नेहा तिर्की जैसे नाम प्रमुख रूप से शामिल हैं जो जिला स्तर के पदाधिकारियों को संगठन विस्तार के टिप्स देंगे. इस आयोजन को झारखंड और उड़ीसा में कांग्रेस के "संगठनात्मक ढांचे" को पुनर्जीवित करने की दिशा में एक बड़ी पहल माना जा रहा है.
WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !