Ramgarh: रामगढ़ जिले में होली के दिन हथियार के बल पर लोगों को डराने-धमकाने वाले एक व्यक्ति को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपी की पहचान सुजित राम उर्फ सुजित डोम (41) के रूप में हुई है। वह भुरकुंडा के बुधबाजार रिवरसाइड इलाके का निवासी है, जबकि उसका स्थायी पता बिहार के औरंगाबाद जिले के कुटुम्बा थाना क्षेत्र में बताया जा रहा है।
सूचना मिलते ही पुलिस ने बनाई विशेष टीम
रामगढ़ के एसपी अजय कुमार ने बताया कि पुलिस को जानकारी मिली थी कि चार मार्च को होली के दिन सुजित डोम आपसी विवाद के दौरान पिस्टल निकालकर लोगों को धमका रहा था। इतना ही नहीं, वह इलाके में घूम-घूमकर डर का माहौल बनाने की कोशिश कर रहा था। सूचना को गंभीरता से लेते हुए एसपी ने तुरंत कार्रवाई का निर्देश दिया। इसके बाद एएसपी सह पतरातु एसडीपीओ गौरव गोस्वामी के नेतृत्व में एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया।
देर रात घर में छापेमारी कर आरोपी को पकड़ा
पुलिस टीम ने गुरुवार देर रात सुजित डोम के घर को घेरकर छापेमारी की। उस समय आरोपी घर पर ही मौजूद था। पुलिस ने उससे पूछताछ की तो उसने बताया कि हथियार उसके कमरे में रखे एक बक्से में छिपाकर रखा गया है। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर बक्से की तलाशी ली, जहां से एक देशी पिस्टल, आठ जिंदा कारतूस और एक मैगजीन बरामद किया गया।
वैध कागजात नहीं दिखा पाया आरोपी
पुलिस ने जब आरोपी से हथियार के लाइसेंस या अन्य वैध दस्तावेजों की मांग की, तो वह कोई कागज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद उसे अवैध हथियार रखने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया गया। इस संबंध में पतरातु थाना में आर्म्स एक्ट की धारा 25(1-B)a और 26 के तहत मामला दर्ज किया गया है। आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
पहले भी कई मामलों में जा चुका है जेल
पुलिस के मुताबिक सुजित डोम का आपराधिक इतिहास रहा है। वह पहले भी आर्म्स एक्ट, डकैती, रंगदारी और संगठित अपराध से जुड़े कई मामलों में जेल जा चुका है। इसके अलावा भदानीनगर रेलवे साइडिंग में लेवी वसूली को लेकर हुए गोलीकांड में भी उसका नाम सामने आया था। उस मामले में उसे पतरातु थाना में गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था, हालांकि बाद में उसे दिसंबर 2025 में जमानत मिल गई थी।
कई थानों की पुलिस ने मिलकर की कार्रवाई
इस पूरे ऑपरेशन में एएसपी सह पतरातु एसडीपीओ गौरव गोस्वामी के नेतृत्व में पतरातु, बासल, भुरकुंडा, भदानीनगर और बरकाकाना ओपी की पुलिस टीम शामिल रही। सभी अधिकारियों और जवानों ने मिलकर संयुक्त रूप से छापेमारी कर आरोपी को गिरफ्तार किया।