Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-02-18

Jharkhand News: झारखंड विधानसभा में बजट सत्र के पहले दिन ATR पेश, 298 बालू घाटों की नीलामी प्रक्रिया संपन्न

Jharkhand News: झारखंड विधानसभा के बजट सत्र के पहले दिन सरकार की ओर से सदन में “एक्शन टेकन रिपोर्ट” (एटीआर) पेश की गई. संसदीय कार्य मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने पिछले शीतकालीन सत्र के दौरान दिए गए सरकारी आश्वासनों पर हुई प्रगति का लेखा-जोखा सदन के पटल पर रखा. रिपोर्ट के मुताबिक, दिसंबर 2025 में संपन्न हुए शीतकालीन सत्र के कुल 28 आश्वासनों पर विभाग द्वारा की गई कार्रवाई को संकलित किया गया है.

बालू घाटों के बंदोबस्त की स्थिति
राज्य में बालू की उपलब्धता सुनिश्चित करने की दिशा में सरकार ने महत्वपूर्ण आंकड़े साझा किए हैं. रिपोर्ट के अनुसार, झारखंड सैंड माइनिंग रूल 2025 के तहत चिन्हित 444 कैटेगरी-2 बालू घाटों में से 298 की ई-ऑक्शन प्रक्रिया पूरी हो चुकी है. शेष 146 घाटों की नीलामी वर्तमान में प्रक्रियाधीन है. इसके अतिरिक्त, पलामू जिले में चिन्हित 73 कैटेगरी-1 घाटों के माध्यम से स्थानीय स्तर पर 100 रुपये प्रति घनफीट की दर से बालू उपलब्ध कराई जा रही है. सरकार इन सभी घाटों का संचालन जल्द से जल्द शुरू करने की तैयारी में है.

पदों का सृजन और नियमितीकरण की योजना
महिला, बाल विकास एवं सामाजिक सुरक्षा विभाग के ढांचे में बड़े बदलाव की तैयारी है. विभाग की 52 परियोजनाओं में संविदा पर आधारित 442 पदों को सरेंडर कर उनके स्थान पर नियमित पदों के सृजन की अनुशंसा की गई है. इसमें महिला पर्यवेक्षिका, सांख्यिकी सहायक और लिपिक जैसे पद शामिल हैं. नीति के तहत, वर्तमान संविदा कर्मियों का कार्यकाल समाप्त होने के साथ ही ये पद स्वतः खत्म हो जाएंगे और नए सृजित नियमित पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू की जाएगी.

बरकट्ठा डिग्री कॉलेज में नियुक्ति प्रक्रिया
शिक्षा के क्षेत्र में बरकट्ठा डिग्री कॉलेज को लेकर सरकार ने स्थिति स्पष्ट की है. कॉलेज में शिक्षकों की कमी दूर करने के लिए झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) को अधियाचना भेज दी गई है. वहीं, गैर-शैक्षणिक पदों के लिए आरक्षण रोस्टर क्लियरेंस का काम चल रहा है, जिसके पूरा होते ही आयोग को भर्ती का प्रस्ताव भेजा जाएगा. सरकार का लक्ष्य है कि जल्द से जल्द इन नियुक्तियों को पूरा कर कॉलेज में शैक्षणिक व्यवस्था को सुदृढ़ किया जाए.
WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !