Jharkhand Politics: रांची में प्रदेश अध्यक्ष का पदभार संभालने के बाद आदित्य साहू ने कहा कि झारखंड की राजनीतिक जमीन बीजेपी के लिए बेहद उर्वर है. कार्यकर्ताओं में ऊर्जा, जोश और देश राज्य की सेवा का जज्बा साफ दिखाई देता है. उन्होंने कहा कि इसी ताकत के सहारे पार्टी को बूथ से लेकर प्रदेश स्तर तक और मजबूत बनाया जाएगा. राज्य में चल रहे कुशासन के खिलाफ निर्णायक संघर्ष किया जाएगा.
वसंत पंचमी पर पूजा के बाद औपचारिक जिम्मेदारी संभाली
वसंत पंचमी के अवसर पर बीजेपी प्रदेश कार्यालय में पूजा पाठ और हवन का आयोजन हुआ. इसके बाद आदित्य साहू ने औपचारिक रूप से प्रदेश अध्यक्ष का पदभार ग्रहण किया. निवर्तमान प्रदेश अध्यक्ष और नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने उन्हें अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी सौंपी. कार्यक्रम में पार्टी के कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे.
सुशासन और डबल इंजन सरकार का लक्ष्य
पदभार ग्रहण के बाद आदित्य साहू ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी के सपनों का झारखंड अभी अधूरा है. वसंत पंचमी के दिन सभी कार्यकर्ताओं को यह संकल्प लेना चाहिए कि राज्य में सुशासन स्थापित करने के लिए संघर्ष किया जाएगा. उन्होंने कहा कि झारखंड में एक बार फिर बीजेपी के नेतृत्व में मजबूत डबल इंजन सरकार बनाई जाएगी.
नेताजी को नमन और राज्य सरकार के खिलाफ संकल्प
नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती को याद करते हुए आदित्य साहू ने कहा कि झारखंड की धरती से नेताजी का गहरा संबंध रहा है. उन्होंने यहीं से आजादी की लड़ाई को नई दिशा दी थी. इसी प्रेरणा के साथ गांव गरीब किसान आदिवासी दलित और पिछड़े वर्ग के हितों के खिलाफ काम करने वाली राज्य सरकार को हटाने का संकल्प लिया गया.
बाबूलाल मरांडी ने जताया भरोसा
नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा कि आदित्य साहू एक जमीनी स्तर के जुझारू कार्यकर्ता हैं. झारखंड की मिट्टी और कार्यकर्ताओं पर उनकी मजबूत पकड़ है. उनके नेतृत्व में पार्टी संगठन और अधिक सशक्त होगा. संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने भी नए प्रदेश अध्यक्ष के कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं दीं.
प्रदेश अध्यक्ष पद संभालते ही आदित्य साहू ने संगठन को मजबूत करने और राजनीतिक संघर्ष को तेज करने के संकेत दे दिए हैं. डबल इंजन सरकार और सुशासन का वादा आने वाले समय में बीजेपी की रणनीति का केंद्र बिंदु रहने वाला है.