Seraikela News: सरायकेला-खरसावां जिले में राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह 2026 के तहत लगातार जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है. इसी क्रम में मंगलवार को तामोलिया स्थित जेवियर इंग्लिश स्कूल में विद्यार्थियों के बीच सड़क सुरक्षा को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया.
बच्चों को दी गई यातायात नियमों की जानकारी
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को यातायात नियमों और सड़क सुरक्षा से जुड़ी अहम जानकारियां दी गईं. इसके साथ ही बच्चों की भागीदारी बढ़ाने के लिए सड़क सुरक्षा पर स्लोगन लेखन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया. प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने वाले छात्र छात्राओं को शैक्षणिक सामग्री देकर सम्मानित किया गया, जिससे बच्चों का उत्साह बढ़ा.
सवारी वाहनों की जांच और बिना हेलमेट चालकों पर कार्रवाई
इसके अलावा गम्हरिया के केपीएस स्कूल के पास छात्राओं को ले जा रहे सवारी वाहनों की सघन जांच की गई. जांच के दौरान वाहनों की सुरक्षा व्यवस्था, चालकों के दस्तावेज और यातायात नियमों के पालन की गहन पड़ताल की गई. वहीं गम्हरिया थाना के पास बिना हेलमेट वाहन चला रहे लोगों को रोका गया और उन्हें सड़क सुरक्षा के महत्व के बारे में समझाया गया. बिना हेलमेट वाहन चलाने वालों पर नियमानुसार जुर्माना लगाया गया और उन्हें हेलमेट भी उपलब्ध कराया गया.
सड़क सुरक्षा को बताया गया जीवन रक्षा का माध्यम
कार्यक्रम के जरिए आम नागरिकों और विद्यार्थियों को यह संदेश दिया गया कि सड़क सुरक्षा नियमों का पालन सिर्फ कानूनी जिम्मेदारी नहीं, बल्कि जीवन की सुरक्षा के लिए बेहद जरूरी है. इस मौके पर जिला परिवहन पदाधिकारी गिरिजा शंकर महतो, यातायात प्रभारी राजू कुमार, दिलीप कुमार, रवि प्रसाद और सड़क सुरक्षा समिति के अन्य सदस्य मौजूद रहे.