Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-01-13

General Upendra Dwivedi Warns Pakistan: पाकिस्तान को सेना प्रमुख की कड़ी चेतावनी, सीमा पार आतंकी ढांचे पर नजर, हर हरकत पर होगी कार्रवाई

General Upendra Dwivedi Warns Pakistan: भारतीय सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने पाकिस्तान को सख्त संदेश देते हुए कहा है कि सीमा पार आतंकी बुनियादी ढांचा अब भी सक्रिय है. खुफिया सूचनाओं का हवाला देते हुए उन्होंने बताया कि इस समय कुल आठ आतंकी ट्रेनिंग कैंप सक्रिय हैं. इनमें से दो अंतरराष्ट्रीय सीमा पर और छह लाइन ऑफ कंट्रोल के पास स्थित हैं. इन कैंपों में 100 से 150 आतंकियों की मौजूदगी बताई जा रही है और भारतीय सेना उनकी हर गतिविधि पर लगातार नजर बनाए हुए है.

ऑपरेशन सिंदूर को बताया बड़ी रणनीतिक सफलता
सेना प्रमुख ने ऑपरेशन सिंदूर को भारतीय सेना की अहम रणनीतिक उपलब्धि करार दिया. उन्होंने कहा कि यह पहला मौका था जब भारत ने परमाणु और पारंपरिक युद्ध के बीच की क्षमता का प्रभावी इस्तेमाल किया. यह अभियान सात मई से दस मई तक चला, जिसमें तय किए गए 9 में से 7 लक्ष्यों को पूरी तरह ध्वस्त किया गया. इस ऑपरेशन ने यह साफ कर दिया कि भारत किसी भी उकसावे का जवाब देने में पूरी तरह सक्षम है.

डीजीएमओ बातचीत में फॉरवर्ड तैनाती पर सहमति
भारत और पाकिस्तान के बीच हुई हालिया डीजीएमओ स्तर की बातचीत का जिक्र करते हुए जनरल द्विवेदी ने बताया कि दोनों पक्षों ने सीमा पर फॉरवर्ड तैनाती को कम करने पर सहमति जताई है. तनाव के दौरान जो अतिरिक्त सैन्य मूवमेंट किया गया था, उसे वापस बुला लिया गया है. उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि सैन्य अधिकारियों के बीच परमाणु हथियारों को लेकर कोई बातचीत नहीं हुई और इस तरह के बयान केवल सार्वजनिक या राजनीतिक मंचों से सामने आए थे.

ड्रोन गतिविधियों पर भारत की सख्त आपत्ति
जम्मू क्षेत्र में पाकिस्तानी ड्रोन की बढ़ती गतिविधियों पर सेना प्रमुख ने कड़ी आपत्ति जताई है. उन्होंने बताया कि डीजीएमओ स्तर की साप्ताहिक बातचीत में इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाया गया. भारतीय सेना का आकलन है कि इन ड्रोन के जरिए पाकिस्तान भारत की सैन्य तैनाती और तैयारियों की जानकारी जुटाने की कोशिश कर रहा है. सेना प्रमुख ने साफ कहा कि यदि इन ठिकानों या ड्रोन के माध्यम से किसी भी तरह की हिमाकत की गई, तो भारतीय सेना सख्त कार्रवाई करने से पीछे नहीं हटेगी.

भारत शांति के साथ-साथ जवाबी कार्रवाई के लिए भी पूरी तरह तैयार
सेना प्रमुख के बयान से यह साफ संकेत मिलता है कि भारत अब सीमा पार आतंकी गतिविधियों को लेकर किसी भी तरह की ढिलाई के मूड में नहीं है. ऑपरेशन सिंदूर की सफलता के बाद सेना का आत्मविश्वास और रणनीतिक स्पष्टता दोनों मजबूत हुई हैं. डीजीएमओ स्तर पर बातचीत के बावजूद ड्रोन और आतंकी कैंपों को लेकर कड़ा रुख यह दिखाता है कि भारत शांति के साथ-साथ जवाबी कार्रवाई के विकल्प को भी पूरी तरह तैयार रखे हुए है.
WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !