Tata Steel News: टाटा स्टील ने एक बार फिर वैश्विक स्तर पर अपनी मजबूत पहचान साबित की है. वर्ल्ड स्टील एसोसिएशन ने कंपनी को “स्टील सस्टेनेबिलिटी चैंपियन 2026” का खिताब दिया है. यह लगातार नौवां वर्ष है जब टाटा स्टील को इस प्रतिष्ठित सम्मान से नवाजा गया है.
टिकाऊ विकास में अग्रणी, लगातार 2018 से बना हुआ दबदबा
वर्ल्ड स्टील का सस्टेनेबिलिटी चैंपियन प्रोग्राम उन कंपनियों को सम्मानित करता है, जो टिकाऊ विकास के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करती हैं. टाटा स्टील को यह पहचान संसाधन दक्षता बढ़ाने, कार्बन उत्सर्जन घटाने और पर्यावरण के अनुकूल तकनीकों को अपनाने के लिए मिली है. 2018 में इस कार्यक्रम की शुरुआत के बाद से कंपनी हर साल इस सूची में शामिल रही है, जो इसकी निरंतरता और प्रतिबद्धता को दर्शाता है.
कम कार्बन भविष्य की दिशा में पहल, सीईओ ने बताया कंपनी का विजन
कंपनी के सीईओ और प्रबंध निदेशक टी वी नरेंद्रन ने इस उपलब्धि पर खुशी जताते हुए कहा कि टाटा स्टील में सस्टेनेबिलिटी काम करने का अहम हिस्सा है. कंपनी न सिर्फ संसाधन दक्षता सुधारने पर काम कर रही है, बल्कि वर्ल्ड स्टील के “क्लाइमेट एक्शन प्रोग्राम” में भी सक्रिय भागीदारी निभा रही है. इसके तहत उत्पादों और प्रक्रियाओं के कार्बन फुटप्रिंट को कम करने के लिए नई तकनीकों और इनोवेशन पर लगातार काम किया जा रहा है, जिससे इस्पात उद्योग को कम कार्बन वाले भविष्य की ओर ले जाया जा सके.
टाटा स्टील की यह उपलब्धि न केवल कंपनी की वैश्विक साख को मजबूत करती है, बल्कि यह भी दिखाती है कि उद्योग जगत में पर्यावरण संरक्षण और टिकाऊ विकास अब प्राथमिकता बन चुके हैं. कंपनी का फोकस भविष्य में भी इसी दिशा में मजबूत कदम बढ़ाने पर है.