Ranchi Crime News: रांची पुलिस को मिली गुप्त सूचना के आधार पर मैक्लुस्कीगंज क्षेत्र में चलाए गए सघन चेकिंग अभियान के दौरान एक काले रंग की स्कॉर्पियो को रोका गया, जिससे इस पूरे सिंडिकेट का पर्दाफाश हुआ. पुलिस ने जब संदिग्धों की तलाशी ली, तो उनके पास से अवैध हथियार बरामद हुए. इस मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरोह के तीन मुख्य सदस्यों विशाल सिंह, अभिषेक शर्मा और करण गोप को दबोच लिया. पूछताछ में यह बात सामने आई कि ये सभी अपराधी बिहार से सस्ते दामों पर हथियार खरीदकर लाते थे और झारखंड के विभिन्न इलाकों में अपराधियों को ऊंचे दामों पर सप्लाई करते थे.
जंगल और घरों में छापेमारी से बरामद हुआ जखीरा
गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने मांडर के हातना जंगल और आरोपियों के ठिकानों पर सघन छापेमारी की. इस दौरान पुलिस ने अपराधियों के पास से तीन देसी पिस्तौल, 10 जिंदा कारतूस, चार मैगजीन और दो स्मार्टफोन बरामद किए हैं. आरोपियों ने स्वीकार किया है कि वे सुनियोजित तरीके से अवैध हथियारों की तस्करी का नेटवर्क चला रहे थे. गिरफ्तार आरोपियों में से अभिषेक शर्मा का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है और वह पहले भी आर्म्स एक्ट के गंभीर मामलों में जेल की हवा खा चुका है.
बिहार से जुड़े तस्करी के तार
पुलिस की प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट हुआ है कि इस गिरोह के तार बिहार के हथियार तस्करों से सीधे तौर पर जुड़े हुए हैं. गिरफ्तारी के बाद विशाल सिंह, अभिषेक शर्मा और करण गोप को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. पुलिस प्रशासन ने साफ कर दिया है कि क्षेत्र में अवैध हथियारों के कारोबार को पूरी तरह खत्म करने के लिए अभियान जारी रहेगा. इस सफल कार्रवाई के बाद ग्रामीण क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है और संदिग्ध गतिविधियों पर पैनी नजर रखी जा रही है. पुलिस अब इस गिरोह के अन्य संभावित सदस्यों और उनके खरीदारों की पहचान करने में जुटी है ताकि तस्करी के इस पूरे जाल को जड़ से उखाड़ा जा सके.